
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय माधवपुरम की एनसीसी इकाई द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता 22 यूपी गर्ल्स बटालियन मेरठ के कमांडिंग आफिसर कर्नल होपेंदर ठाकुर तथा प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह के संरक्षण और एनसीसी अधिकारी कैप्टन (प्रो.) लता कुमार के नेतृत्व में हुई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सुरक्षा विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाए।
प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने पोस्टरों का अवलोकन कर कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं, बच्चियों व छात्राओं की सुरक्षा और स्वावलंबन से जुड़ा अभियान है, इसमें सभी को भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कैडेट्स से आसपास की बालिकाओं व महिलाओं को जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में कैडेट महक जायसवाल ने प्रथम, भूमि ने द्वितीय तथा गौरी और अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन में 27 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया, जबकि 48 कैडेट्स उपस्थित रहे।


