नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आचार्य सौरभ सागर मुनिराज का एक दिवसीय प्रवास के लिए श्री 1008 अभिनंदन नाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर ऋषि नगर में मंगल प्रवेश हुआ।
अपने प्रवचन में आचार्य श्री ने कहा कि यह जिनालय हमें प्रभु के अभिनंदन की राह दिखाता है। हमें अपने बच्चों में अभिनंदन के गुण डालने चाहिए, ताकि वे धर्म के मार्ग पर चल सकें। जिस प्रकार बच्चों को स्कूल भेजना अनिवार्य है, उसी प्रकार हमारा कर्तव्य है कि उन्हें उंगली पकड़कर जिनालय लेकर आएं, जिससे उनमें धर्म के प्रति संस्कार पड़ें। उन्होंने कहा कि यह जिनालय बहुत ही अद्भुत है, यहां का वातावरण अत्यंत शांत है और इसकी भव्यता देखते ही बनती है। इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज, सुरेंद्र जैन माला फ्लोर मिल, प्रमोद जैन एडवोकेट सहित सैकड़ों धर्मावलंबी उपस्थित रहे।


