Homeउत्तर प्रदेशमेरठदिल्ली पब्लिक स्कूल में संस्थापक श्री एम.पी. सिंह जी के स्मृति दिवस...

दिल्ली पब्लिक स्कूल में संस्थापक श्री एम.पी. सिंह जी के स्मृति दिवस पर हवन एवं सम्मान समारोह का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दिल्ली पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय के संस्थापक एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय एम.पी. सिंह जी की पावन स्मृति में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मृति दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर का वातावरण भक्तिमय एवं भावपूर्ण रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत हवन के साथ हुआ। हवन के माध्यम से समस्त वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता से परिपूर्ण हो गया। उपस्थित अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने आहुतियाँ अर्पित कर संस्थापक महोदय के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत श्लोक-पाठ, सामूहिक गायन एवं बैंड की मधुर प्रस्तुतियों ने समारोह को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों का सुंदर संदेश दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष सेक्सरिया ने स्वर्गीय एम.पी. सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि संस्थापक महोदय द्वारा देखा गया शिक्षा का स्वप्न, उनके द्वारा स्थापित आदर्श और समाज के प्रति उनका योगदान सदैव हमारा पथ आलोकित करता रहेगा।समस्त विद्यालय परिवार की तरफ से विद्यालय की उपप्रधानाचार्या डॉ. वर्षा भारद्वाज जी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी शिक्षकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

विद्यालय की प्रो वाइस चेयर पर्सन शशि सिंह ने स्वर्गीय एम.पी. सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया। डायरेक्टर श्वेता सिंह, अनुमेहा सिंह एवं प्रबंधक अतुल कुमार सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षकगण एवं कर्मचारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सभी स्टाफ सदस्यों को दीपावली उपहार भेंट किए गए तथा उनके लिए स्नेहपूर्ण सामूहिक भोज की व्यवस्था भी की गई।

समारोह के दौरान विद्यालय के प्रति दीर्घकालीन सेवाएँ देने वाले समर्पित कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्री-प्राइमरी पुस्तकों के प्रकाशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों, कक्षा 10 एवं 12 में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों में योगदान देने वाले शिक्षकों तथा प्रवेश प्रक्रिया में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहन राशि दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों के लिए सुव्यवस्थित सामूहिक भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। इस आत्मीय आतिथ्य एवं उत्कृष्ट व्यवस्था के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन ने यह संदेश दिया कि डीपीएस मेरठ केवल एक शिक्षण संस्थान ही नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है, जहाँ प्रत्येक सदस्य का सम्मान और अपनत्व सर्वोपरि है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments