नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित क्षेत्रीय माटीकला मेला वर्ष 2026-27 का समापन मुख्य अतिथि विधायक अश्विनी त्यागी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सुश्री मान्या चतुर्वेदी, क्षेत्रीय संयोजक पश्चिम उत्तर प्रदेश आलोक सिसोदिया, ब्लॉक प्रमुख खरखौदा अतुल त्यागी व क्षेत्र पंचायत सदस्य कपिल अठाना ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया और अपना मार्गदर्शन प्रदान किया। सात दिवसीय मेले में लगभग 70 लाख रुपये की बिक्री हुई। मुख्य अतिथि विधायक अश्विनी त्यागी व जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी द्वारा माटीकला निःशुल्क टूल-किट्स वितरण योजना के अंतर्गत जितेन्द्र सिंह ग्राम दिलेर, मोहम्मदपुर धूनी, रश्मि ग्राम हसनपुर रजापुर, पोस्ट कलीना, मवाना एवं सागर भदौरिया ग्राम चांदपुरा, खरखौदा, मेरठ को निःशुल्क पगमिल मशीन एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही माटीकला मेले में स्टॉल लगाने वाली इकाइयों एवं ड्यूटी करने वाले विभागीय कर्मियों को प्रमाण-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्रीय माटीकला महोत्सव का उद्देश्य माटीकला उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना तथा आमजन को माटीकला उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। मेले में आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन उद्देश्यों को साकार करने का प्रयास किया गया।


