नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव (किसान प्रकोष्ठ) चौ. सत्येन्द्र सिंह तोमर ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।
इस दौरान चौ. सत्येन्द्र सिंह तोमर ने राज्यपाल के साथ जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि को लाभकारी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने खेती में रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल को कम करने, भूमि की उर्वरता बनाए रखने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, गोबर एवं जैविक खाद के उपयोग और खेती की लागत कम करने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिल सकता है।
चौ. सत्येन्द्र सिंह तोमर ने कृषि एवं किसान हितों से जुड़े इन विचारों का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए खेती की लागत कम करना, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को प्रोत्साहन देना और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना आवश्यक है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुधीर चौधरी, बॉबी प्रधान, सत्येन्द्र चौधरी एवं आर्यन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


