HomeUncategorizedकल मेरठ में होंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

कल मेरठ में होंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

  • पूर्व सैनिकों के शौर्य को करेंगे नमन, शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि, राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के आवास पर पहुंचकर दिवंगत पिता को भी देंगे श्रद्धांजलि

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री हापुड़, मेरठ और अलीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मेरठ में पूर्व सैनिकों के शौर्य, समर्पण और बलिदान को नमन करेंगे। मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों के शामिल होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह लखनऊ से राजकीय विमान से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिये हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित गंगा मेला स्थल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री कच्चा घाट, लठीरा और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में लगने वाले तिगरी मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मेला स्थल पर अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री मेरठ कैंट स्थित आरवीसी ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां से वह कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे से एक बजे तक प्रस्तावित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के योगदान को सम्मान देने के साथ उनके परिवारों और वीर नारियों के प्रति सम्मान प्रकट किया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच यह आयोजन खास महत्व रखता है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सैनिकों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को सम्मान मिलेगा।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का मेरठ कैंट स्थित बैडमिंटन हॉल पहुंचने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वह आरवीसी ग्राउंड से हेलीकॉप्टर के जरिये चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के हेलीपैड से अलीगढ़ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी जिलों में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मेरठ में पूर्व सैनिकों के सम्मान का आयोजन और हापुड़ में गंगा मेले का निरीक्षण दौरे के प्रमुख कार्यक्रम रहेंगे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular