नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जनपद मेरठ में निजी (Non-Transport) वाहनों के लिए नई पंजीयन श्रृंखला UP15-FM शनिवार प्रारंभ की जा रही है। इस तिथि से निजी श्रेणी के समस्त नवीन वाहनों का पंजीयन UP15-FM श्रृंखला में किया जाएगा।
साथ ही, इस श्रृंखला की VIP/Choice (Fancy) पंजीयन संख्याएं भी 14 नवंबर से भारत सरकार के VAHAN Fancy Number Portal पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन ई-नीलामी हेतु उपलब्ध रहेंगी। इच्छुक नागरिक https://vahan.parivahan.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी इच्छित संख्या हेतु बोली लगा सकते हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विकास कुमार यादव ने बताया कि फैंसी नंबरों का आवंटन भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के नियमों, शर्तों व निर्धारित शुल्क के अनुसार पूर्णतः ऑनलाइन एवं पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं फेसलेस एवं ऑनलाइन हैं। विभाग ने वाहन स्वामियों व विक्रेताओं से अपील की है कि पंजीयन संबंधी कार्य विभागीय पोर्टल के माध्यम से ही करें और जानकारी के लिए केवल अधिकृत पोर्टल अथवा कार्यालय से ही संपर्क करें।


