नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ प्रसूति एवं स्त्री रोग सोसाइटी की ओर से होटल हार्मनी में चिकित्सा कार्यशाला हुई। इसमें मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और मोदीनगर की 100 से अधिक महिला चिकित्सकों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि बेंगलुरु की आईसीओजी अध्यक्ष डॉ. शीला वी. माने रहीं। उद्घाटन पद्मश्री डॉ. उषा शर्मा, अध्यक्ष डॉ. भारती माहेश्वरी, सचिव डॉ. प्रियंका गर्ग और उपसचिव डॉ. ईशा खनूजा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यशाला में दूरबीन से ऑपरेशन, बांझपन के उपचार, शुक्राणुओं की तैयारी, मोटापा कम करने वाली नई दवाइयों, खून की कमी दूर करने वाले इंजेक्शन और गर्भावस्था के बाद हृदय रोग पर चर्चा हुई।
डॉ. भारती माहेश्वरी ने अंडोत्सर्ग की प्रक्रिया, डॉ. प्रियंका गर्ग ने एंडोमेट्रियोसिस में बांझपन के उपचार की जानकारी दी। सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर डॉ. सरिता श्याम सुंदर ने बचाव और समय पर जांच के प्रति जागरूक किया।


