- डॉ. सूरज प्रकाश सोंधी की पुस्तक ‘द नॉर्मलसी ट्रैप’ का हुआ विमोचन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित पांचवें सुभारती बुद्ध मेले के छठे दिन साहित्य, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार डॉ. हरिओम पंवार ने अपने ओजस्वी काव्य पाठ से श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना का भाव जगाया।
इस अवसर पर सुरेश कुमार गुप्ता डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर मेरठ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्ध मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मेला का मुख्य आकर्षण मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम पंवार का संबोधन एवं काव्य पाठ रहा। उन्होंने अपनी प्रभावशाली वाणी और ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सरोकारों, सांस्कृतिक गौरव और मानवीय मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उनके काव्य पाठ पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
डॉ. हरिओम पंवार ने भगवान बुद्ध के विचारों और दर्शन की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुद्ध का जीवन और उनका दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। भगवान बुद्ध ने विश्व को करुणा, शांति, अहिंसा और मैत्री का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में जब समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब बुद्ध के विचार मानवता को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम, सद्भाव, सहिष्णुता और आपसी सम्मान की भावना अपनाकर ही शांतिपूर्ण एवं बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने, नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया। उनके संबोधन में साहित्यिक ओज के साथ सामाजिक चेतना और मानवीय संवेदनाओं का प्रभावशाली समावेश देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान डॉ. सूरज प्रकाश सोंधी की पुस्तक ‘द नॉर्मलसी ट्रैप’ का विमोचन भी किया गया। पुस्तक विमोचन ने आयोजन को विशेष साहित्यिक गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर समकालीन विषयों, सामाजिक परिस्थितियों और विचारों को साहित्य के माध्यम से अभिव्यक्त करने के महत्व पर भी चर्चा हुई। पुस्तक को साहित्यिक एवं वैचारिक विमर्श को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत ईश्वर चंद विद्यासागर स्कूल के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा और आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग के कलाकारों ने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को पुराने दौर की सुरीली यादों में पहुंचा दिया।

समूहगान की मधुर प्रस्तुति ने वातावरण को संगीतमय बना दिया, वहीं मिमिक्री कलाकारों ने अपनी हास्य कला और शानदार अभिनय से दर्शकों को खूब हंसाया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरी संध्या को यादगार बना दिया।कार्यक्रम के अंत में प्रो. (डॉ.) भावना ग्रोवर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रबंधन, गणमान्य अतिथियों, आयोजकों, कलाकारों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सहभागिता से पांचवें सुभारती बुद्ध मेले का आयोजन निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।सुभारती बुद्ध मेले के छठे दिन की यह साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संध्या भारतीय संस्कृति, बौद्ध दर्शन, साहित्य, संगीत और कला का सुंदर संगम बनी। आयोजन के माध्यम से जहां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला, वहीं भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, अहिंसा और मानवता के संदेश को साहित्य एवं संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।
इस अवसर पर सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण, विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षाविद, गणमान्य अतिथि, कलाकार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।


