नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहर की बेटी, अंतरराष्ट्रीय एथलीट और ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी शुक्रवार को अर्जुन अवार्डी बन गईं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अर्जुन अवार्ड 2025 से सम्मानित किया।
प्रियंका गोस्वामी पैदल चाल (रेस वॉक) की अंतरराष्ट्रीय एथलीट हैं। उन्होंने देश के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक गेम्स और एशियन गेम्स समेत कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीते हैं। वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक विजेता रही हैं।
प्रियंका के अर्जुन अवार्डी बनने पर मेरठ में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों, कोचों और परिजनों ने उन्हें बधाई दी और इसे मेरठ ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
मेरठ की इस बेटी की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी की खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।


