लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। मेरठ की बेटी लाइबा रिजवी से आज पूर्व जिला न्यायाधीश एवं सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा विधायक अतुल प्रधान, पूर्व मंत्री प्रशांत गौतम ने मुलाकात की। इस दौरान पूर्व जिला न्यायाधीश ने लाइबा को अपनी किताब भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समाजसेवी गफ्फार मंसूरी, सपा नेता तालिब रिजवी, एडवोकेट नसीब सैफी आदि मौजूद रहें।
मुलाकात के दौरान डॉ. शर्मा ने लाइबा से उनकी पढ़ाई, विदेशी यात्राओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने अपनी विदेशी यात्राओं और वकालत की प्रैक्टिस के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि विदेश में पढ़ाई के दौरान किसी भी तरह की कानूनी या अन्य जरूरत पड़े तो बेझिझक बताना। लाइबा ने भी अपनी रिसर्च और इटली जाने की तैयारियों के बारे में बताया। डॉ. शर्मा ने उनकी मेहनत और सोच की सराहना की और कहा कि मेरठ की बेटियां अब दुनिया में अपनी पहचान बना रही हैं।
- सरधना विधायक अतुल प्रधान ने किया लाइबा का सम्मान
सपा के सरधना विधायक अतुल प्रधान ने लाइबा रिज़वी से मुलाकात कर उसका सम्मान किया। विधायक अतुल प्रधान ने लाइबा को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने लाइबा की उपलब्धि पर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विधायक ने कहा कि मेरठ की बेटियों की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।इस अवसर पर लाइबा के परिवार के लोग और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कौन हैं लाइबा रिजवी?
लाइबा रिजवी मेरठ की होनहार बेटी हैं, जिनका चयन इटली के बोलोन्या विश्वविद्यालय में मॉलिक्यूलर और सेलुलर बायोलॉजी में स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए हुआ है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से बायोटेक्नोलॉजी में स्नातक किया है, जहां उन्होंने सर्वाधिक अंक हासिल कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बोलोन्या विश्वविद्यालय में चयन के लिए लाइबा ने IELTS Academic में 7.5 बैंड हासिल किए। इस कार्यक्रम के लिए दुनिया के कई देशों से करीब 280 विद्यार्थियों ने साक्षात्कार दिया था, जिनमें से सिर्फ 20 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों का चयन हुआ। उनमें भारत से दो विद्यार्थी हैं, जिनमें एक लाइबा हैं।

आईवी बैग से शुरू हुई रिसर्च
लाइबा की रिसर्च का नाम था – “Microplastics: The Invisible Poison Around Us” यानी हमारे आस-पास मौजूद अदृश्य ज़हर। उन्होंने अपनी परियोजना में प्लास्टिक की सिरिंज, आईवी बैग, ग्लूकोज की बोतलें, घरेलू प्लास्टिक उत्पाद और पैकेज्ड पेयजल जैसे नमूनों को शामिल किया था। लाइबा अब यह समझना चाहती हैं कि सूक्ष्म प्लास्टिक मानव कोशिकाओं में प्रवेश करने के बाद ऑक्सीडेटिव तनाव, माइटोकॉन्ड्रिया की कार्यप्रणाली और कोशिकीय सूजन को कैसे प्रभावित करता है। बोलोन्या में वे प्रोफेसर सिल्विया फ्रान्ज़ेलित्ती और प्रोफेसर डेनिएल फाब्ब्री के शोध कार्यों से प्रभावित हैं, जिनकी प्रयोगशालाओं में पर्यावरणीय प्रदूषकों के मानव कोशिकाओं पर प्रभावों का आणविक और कोशिकीय स्तर पर अध्ययन किया जाता है।
पिता के 38 साल, मां का अकेले संघर्ष
लाइबा के पिता पिछले 38 वर्षों से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में देश की सेवा कर रहे हैं। जब पिता ड्यूटी पर रहते थे, तब मां ने गृहिणी रहते हुए तीनों भाई-बहनों की परवरिश और पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी अकेले संभाली। बड़ी बहन आयशा रिजवी फिजियोथेरेपी में चिकित्सक हैं। बड़े भाई शाहिब रिजवी क्रिकेटर हैं।

लौटकर इसरो में काम करने का सपना
लाइबा की पहली प्राथमिकता भारत लौटकर देश के वैज्ञानिक अनुसंधान में योगदान देना है। वे इसरो के साथ अंतरिक्ष जीव विज्ञान में और ICMR में कोशिका विज्ञान के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि लाइबा जैसी बेटियां ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने लाइबा को किताब भेंट करते हुए कहा कि यह किताब उनके जीवन में हमेशा मार्गदर्शन करेगी। लाइबा ने भी डॉ. शर्मा का आभार जताया और कहा कि उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन उनके लिए बड़ी ताकत है।


