- ROP से होने वाली अंधता रोकने के लिए बना साझा रोडमैप, हर जोखिमग्रस्त नवजात की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने का संकल्प
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। किसी बच्चे की आंखों की रोशनी बचाना उसके पूरे भविष्य को सुरक्षित करने जैसा है। इसी उद्देश्य को लेकर रविवार को AARONYA Foundation for People की ओर से सांगरिया होटल में ‘आरोहण- अवेयरनेस विद एक्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं, एनजीओ तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े करीब 400 लोगों ने एक मंच पर जुटकर समय से पहले जन्मे बच्चों को अंधता से बचाने की रणनीति पर मंथन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्था का फ्लैगशिप प्रोजेक्ट ‘नन्ही आंखें’ रहा। इसके तहत समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों में होने वाली रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (ROP) बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे होने वाली अंधता की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान और उचित उपचार से कई बच्चों की आंखों की रोशनी बचाई जा सकती है। इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक जोखिमग्रस्त नवजात तक जांच और उपचार की सुविधा पहुंचे।
कार्यक्रम में गेट्स फाउंडेशन इंडिया के कंट्री लीड (स्ट्रेंथनिंग हेल्थ सिस्टम्स) डॉ. देवेंद्र खंडैत विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए सामूहिक प्रयासों की अहमियत बताई। उन्होंने WHO के नेशनल पोलियो सर्विलांस प्रोजेक्ट में नेशनल टीम लीडर के रूप में भारत के पोलियो उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वक्ताओं ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान से मिली सीख ROP के खिलाफ अभियान को भी प्रभावी बनाने में मददगार साबित हो सकती है।
इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने समाज के अंतिम छोर तक पहुंचकर जोखिमग्रस्त नवजातों की पहचान करने तथा उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की।
आयोजन का उद्देश्य सभी संस्थाओं को एक मंच पर लाकर ऐसी साझा रणनीति तैयार करना रहा, जिससे कोई भी बच्चा जरूरी जांच और उपचार से वंचित न रहे।कार्यक्रम में ‘हर घर जागरूकता, हर आंख सुरक्षित’ का संदेश देते हुए अंधता मुक्त और स्वस्थ भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।


