नित्य संदेश ब्यूरो
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, ललितपुर में दिनांक 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मधुमेह (डायबिटीज) के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा इसके बचाव, समय पर पहचान एवं उचित उपचार के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. (प्रो.) मयंक कुमार शुक्ला ने कहा कि मधुमेह एक तेजी से बढ़ती हुई जीवनशैली संबंधी बीमारी है, जिसे संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मधुमेह के प्रति जागरूकता और समय पर जांच से इसके गंभीर दुष्परिणामों, जैसे हृदय रोग, गुर्दे की बीमारी, आंखों की रोशनी प्रभावित होना तथा अन्य जटिलताओं से बचाव संभव है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गजेन्द्र सिंह एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मधुरेन्द्र सिंह राजपूत ने भी मधुमेह की रोकथाम एवं बेहतर चिकित्सकीय सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार आर्य ने मधुमेह के लक्षणों, जोखिम कारकों, नियमित ब्लड शुगर जांच तथा उपचार के दौरान चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की आवश्यकता बताई। वहीं प्रभारी पवन सूद ने गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मधुमेह की स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान एवं नियमित फॉलोअप की उपयोगिता पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. निखिल गुप्ता, डॉ अम्बिका दुबे एवं डॉ. विनय सोनी सहित कई अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर, नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करके मधुमेह को नियंत्रित किया जा सकता है।


