नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कैनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में आयोजित 31 दिवसीय वूमेन टेलर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली 25 महिला प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समापन समारोह में सहायक महाप्रबंधक चंपक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक निशांक गौतम द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रमेश जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रमेश जोशी एवं माधुरी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वयं का रोजगार स्थापित करने तथा अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन श्री रमेश जोशी एवं सुश्री माधुरी शर्मा द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षिका श्रीमती दीपाली जोशी ने प्रतिभागियों को वूमेन टेलर ट्रेड से संबंधित आधुनिक सिलाई तकनीकों, उद्यमिता विकास, व्यवसाय प्रबंधन एवं स्वरोजगार स्थापना के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
समारोह के दौरान सभी 25 महिला प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कार्यालय सहायक ओम विकास, रोहित यादव सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को सफल उद्यमी बनने एवं आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।
आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी
कैनरा बैंक RSETI, मेरठ द्वारा युवाओं एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से नए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसी एवं फ्रिज रिपेयर एंड सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 18 नवंबर 2026 से किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए निम्नलिखित पात्रता निर्धारित की गई है:
अभ्यर्थी की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी मेरठ जनपद का निवासी होना चाहिए।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए कैनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), मेरठ से निम्नलिखित मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।


