नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की मतदाता सूची में हजारों पात्र ग्रेजुएट मतदाताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जन सहभागिता फाउंडेशन ट्रस्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग के नाम ज्ञापन सौंपा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एम बिलाल मंसूरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने “सब गोलमाल है भाई गोलमाल है” और “वोट में है दम, वोट से हैं हम” लिखे प्लेकार्ड लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में 100 से अधिक कॉलेज हैं और हर साल हजारों छात्र ग्रेजुएट होते हैं, जबकि एमएलसी मतदाता सूची में मात्र 15753 मतदाता ही दर्ज हैं। कई आवेदकों की वोट नहीं बनी और बड़ी संख्या में पात्र लोगों तक आवेदन की जानकारी ही नहीं पहुंची। मंसूरी ने आरोप लगाया कि आयोग ने प्रचार-प्रसार नहीं किया, अंतिम सूची से पहले ड्राफ्ट सूची जारी नहीं हुई और वेबसाइट पर ERO/BLO के संपर्क नंबर तक उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा, “वोट का अधिकार छीनना लोकतंत्र की हत्या है। मतदाताओं तक पहुंचना आयोग की जिम्मेदारी है।” ज्ञापन देने वालों में मोहसिन मंसूरी, गजेन्द्र कुमार, रोहित कुमार, मौलाना मोमिन महमूदी, सरफराज सैफी, रियाजुद्दीन आदि मौजूद रहे।


