- माटीकला मेले में कलावाटिका की प्रस्तुति ने मोहा मन, मुख्य अतिथि रहे अजय गुप्ता
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज बेगमपुल मैदान में आयोजित क्षेत्रीय माटीकला मेला 2026-27 में इन दिनों दीपावली की रौनक देखते ही बन रही है। मेला 7 नवंबर तक चलेगा।
बुधवार शाम 5 बजे माटीकला महोत्सव के अंतर्गत कलावाटिका डांस एकेडमी के कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सरस्वती-गणेश वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में महाभारत की झांकियां, रामायण की कथाएं, शिव-पार्वती पर आधारित उपशास्त्रीय नृत्य, गुजराती और महाराष्ट्रियन लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता रहे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी व अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया।

सजावटी सामानों की हो रही खूब बिक्री
इस मेले में यूपी के विभिन्न जनपदों से माटीकला बोर्ड की पंजीकृत इकाइयां प्रतिभाग कर रही हैं। दीपावली नजदीक होने से मेले में भारी भीड़ उमड़ रही है और मिट्टी के दीये, मूर्तियों व सजावटी सामानों की खूब बिक्री हो रही है।
मिट्टी के उत्पादों के प्रति जागरूक करना
इस मेले का उद्देश्य स्थानीय कुम्हार कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना, पारंपरिक कला को संरक्षित करना और लोगों को मिट्टी के उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। इस हेतु ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की है।


