- विज्ञान प्रदर्शनी, झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बुद्ध के संदेश होंगे आकर्षण का केंद्र
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय एवं संघ माता डॉ. मुक्ति ग्लोबल बुद्धिस्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पांचवें सुभारती बुद्ध मेले का भव्य आयोजन 14 से 20 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। यह मेला प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर स्थित बोधी उपवन परिसर, सुभारती पुरम, मेरठ में आयोजित होगा।
सात दिवसीय इस मेले में लोगों के मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञान, कला, संस्कृति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले में विज्ञान प्रदर्शनी, चित्रकला प्रदर्शनी, विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले तथा अनेक मनोरंजक गतिविधियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही प्रतिदिन अलग-अलग सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों का मंचन किया जाएगा, जिससे मेले में आने वाले लोगों को प्रतिदिन कुछ नया देखने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा। मेले के दौरान सपेरा एवं अंगुलिमाल नाटक, कवि सम्मेलन, पंचशील की शिक्षाओं पर आधारित नाटक, बुद्ध संगीत, जादू का कार्यक्रम तथा सनातन न्यास का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों, अहिंसा, करुणा और मानवता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने संदेश में कहा कि पांचवें सुभारती बुद्ध मेले का आयोजन विश्वविद्यालय के लिए हर्ष और गौरव का विषय है। यह मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को तथागत गौतम बुद्ध की महान शिक्षाओं, उनके विचारों और जीवन दर्शन से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में ऐसे आयोजन लोगों को परिवार के साथ आनंदमय पल बिताने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही, कला, संस्कृति, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, प्रेम, शांति और सद्भाव का वातावरण निर्मित करते हैं।
उन्होंने कहा कि तथागत बुद्ध ने संपूर्ण विश्व को करुणा, अहिंसा, मैत्री, समानता और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में बुद्ध के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। यदि मानव समाज उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प ले, तो आपसी वैमनस्य, हिंसा और तनाव को कम कर एक शांतिपूर्ण एवं समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। सुभारती विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और महान आध्यात्मिक परंपराओं को भी समाज तक पहुंचाया जाए। डॉ. शल्या राज ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं परिवारों से पांचवें सुभारती बुद्ध मेले में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन, ज्ञान और सांस्कृतिक अनुभवों से परिपूर्ण रहेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह मेला सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और तथागत बुद्ध के शांति एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


