नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ: मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक गुरुवार को विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सहायक आयुक्त उद्योग ने सभी अधिकारियों एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत किया।
बैठक में मेवला फ्लाईओवर की सड़क मरम्मत पूर्ण होने की जानकारी दी गई। नाला निर्माण के लिए अनुबंध, सर्वे, डिजाइन व ड्राइंग का कार्य पूरा हो चुका है। एक सप्ताह में काम शुरू कराने का आश्वासन दिया गया, जिस पर अध्यक्ष ने कार्य शीघ्र शुरू करने और नाले की फेसिंग कराने के निर्देश दिए। स्पोर्ट्स एनक्लेव में प्रकाश व्यवस्था के लिए 55,304 रुपये का प्राक्कलन स्वीकृत कर प्रोविजनल टीसी नगर निगम को निर्गत कर दी गई है। अध्यक्ष ने तद्नुसार कार्य कराने के निर्देश दिए।
गगोल रोड इंडस्ट्रियल एरिया में नया बिजली घर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा ग्राम काशी की भूमि पर असमर्थता जताई गई। इसके बजाय अच्छरौड़ा में भूमि पर बिजली घर निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। अध्यक्ष ने विद्युत विभाग को अच्छरौड़ा में भूमि का सर्वे कर नगर निगम व औद्योगिक एसोसिएशन से समन्वय करने के निर्देश दिए। भूगर्भ जल निष्कर्षण के प्रति औद्योगिक इकाइयों को जागरूक करने के लिए कैंप/सेमिनार आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता नगर निगम, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, अधिशासी अभियंता विद्युत, एमडीए, प्रदूषण विभाग के अधिकारी तथा पीमा, आईआईए, कैची क्लस्टर सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में सहायक आयुक्त उद्योग मोहित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


