Homeमध्य प्रदेशइंदौरलघुकथा के पर्याय सतीश राठी की स्मृति में नौंवा में क्षितिज संस्था...

लघुकथा के पर्याय सतीश राठी की स्मृति में नौंवा में क्षितिज संस्था का लघुकथा सम्मेलन संपन्न

नित्य संदेश, इंदौर। संस्था ‘क्षितिज’ का नौंवा अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन लघुकथा के पर्याय सतीश राठी की स्मृति में अत्यंत गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस त्रि-सत्रीय आयोजन में देश भर से पधारे लघुकथाकारों ने विधा के विभिन्न पक्षों पर गहन विमर्श किया।


प्रथम सत्र: उद्घाटन एवं सम्मान समारोह
आप लघुकथा के समान ही स्वयं को लघु बनाते जाएं तो साहित्य और जीवन दोनों की सृजनात्मक प्रगति संभव है। विधाओं के संघर्ष से प्रेरणा लेकर हमें अपनी भावभूमि का विस्तार करना चाहिए। यह विचार मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक विकास दवे ने व्यक्त किए। आप संस्था ‘क्षितिज’ के नौंवे अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन में अध्यक्षीय उद्बोधन दे रहे थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, राजस्थान से पधारे वरिष्ठ लघुकथाकार भगीरथ परिहार ने कहा कि संस्थाओं की नींव पर लघुकथा विधा का वर्तमान स्वरूप खड़ा है। क्षितिज संस्थान द्वारा इस क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाई गई है। क्षितिज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नंदकिशोर बर्वे ने दिवंगत सतीश राठी की परंपरा को आगे बढ़ाने को लेकर प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर क्षितिज के वार्षिक सम्मान प्रदान किए गए, जिनमें प्रमुख हैं:

  • क्षितिज शिखर सम्मान
  • क्षितिज साहित्य भूषण सम्मान
  • क्षितिज समग्र सम्मान
  • क्षितिज कृति सम्मान
  • अखिल भारतीय लघु कथा सम्मान
    क्षितिज के इस महत्वपूर्ण आयोजन में विधागत पुस्तकों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती वंदना वाणी जोशी ने प्रस्तुत की। श्री सतीश राठी को श्रद्धांजलि के पश्चात अतिथियों का स्वागत सुरेश रायकवार और दीपक गिरकर ने किया। प्रारंभिक सत्र में प्रमुख प्रतिनिधि लघुकथाओं का पाठ किया गया। संचालन रश्मि चौधरी ने और आभार व्यक्त वर्षा ढ़ोबले ने किया।

द्वितीय सत्र: शिल्प, प्रयोग और विधागत सृजन पर सार्थक विमर्श
क्षितिज के नौंवे अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन के द्वितीय सत्र में लघुकथा विधा को लेकर वरिष्ठ लघुकथाकारों ने अपनी बात रखी।
गाजियाबाद से आए लेखक नेतराम भारती ने लघुकथा में अचानक बदलाव वाले अंत, अनपेक्षित विषय परिवर्तन और विधा के विशिष्ट शिल्प को लेकर चर्चा की। अंतरा करवड़े ने लघुकथा में प्रयोग संबंधित विषय पर, व्यक्तिगत, विधागत और समग्र प्रयोग को लेकर उदाहरण सहित जानकारी दी। आपने कहा कि वास्तविक प्रयोग पाठकों की स्वीकृति से सिद्ध होता है। कांता राय (भोपाल) ने लघुकथा और कहानी में विधागत अंतर को स्पष्ट किया। आपने विविध उदाहरण देकर आकारगत और शिल्पगत वैविध्य पर प्रकाश डाला।


ज्योति जैन ने लघुकथा में स्त्री विमर्श और नारी की स्थिति, लेखन और वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की। आपने लेखन में स्त्री और स्त्री लेखन के विविध कोणों के माध्यम से अपनी बात रखी। अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए उज्जैन के वरिष्ठ लघुकथाकार संतोष सुपेकर ने विधा को समृद्ध करते विचारों के साथ वर्तमान परिस्थितियों में लेखन, विषयों का वैविध्य और भविष्य की सृजनात्मक अपेक्षाओं पर आधारित चर्चा की। सत्र का प्रभावी संचालन अंजना चक्रपाणि मिश्र ने किया।

  • तृतीय सत्र: मूल्यपरक रचनाधर्मिता ही समाज का मार्ग प्रशस्त करती है
    क्षितिज संस्था के नौंवे अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन में विधा को समर्पित मूल्यपरक सत्र में विविध विद्वानों ने अपने विचार रखे।
    सीमा व्यास ने लघुकथा विधा और नैतिक उत्तरदायित्व को लेकर सोदाहरण अपनी बात रखी। आपने कहा कि लघुकथा के नैतिक मूल्य हमें सामाजिक रूप से जिम्मेदार बनाते हैं। अदिति सिंह भदौरिया ने लघुकथा विधा में व्यंग्य के समानांतर सृजनशीलता के शिल्प पर प्रकाश डाला। घनश्याम मैथिल अमृत ने लघुकथा विधा में बाल मन की संवेदनशीलता और रचनाधर्मिता को लेकर अपनी बात रखी।

  • डॉ. वसुधा गाडगिल ने लघुकथा में पारिवारिक मूल्यों, नैतिक उत्तरदायित्व और समग्र सृजनशीलता पर प्रकाश डाला। आपने विधा के भाव पक्ष और शिल्प को लेकर नवीन प्रयासों पर मार्गदर्शक वक्तव्य दिया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. पुरुषोत्तम दुबे ने विधा के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। सत्र का संचालन तनूजा चौबे ने किया।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular