नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विद्या विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा मेरठ जनपद के सतवई गांव में एक दिवसीय सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 50 एनएसएस स्वयंसेवक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों, युवाओं, किसानों एवं बच्चों को सामाजिक सरोकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानूनी अधिकारों तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के अंतर्गत युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने नारों एवं संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों द्वारा नशामुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से नशे के सामाजिक, पारिवारिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों को प्रदर्शित किया गया।
ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं कानूनी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें कानून से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं। वहीं कृषि विभाग के डॉ. प्रदीप ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों एवं कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत सूरज देव प्रसाद ने छोटे बच्चों को हाथों की स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया तथा हाथों को सही तरीके से साफ करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस शिविर का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रेम कुमार मिश्रा एवं कार्यक्रम अधिकारी सूरज देव प्रसाद के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में विधि विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित चौधरी तथा कृषि विभाग के डॉ. प्रदीप, सहायक प्रवक्ता अनुष्का शर्मा, आर्यन कुमार आदि का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। विभिन्न विभागों के 50 विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने शिविर को सफल एवं प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चांसलर श्री प्रदीप कुमार जैन, प्रो-चांसलर श्री विशाल जैन एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) हिरेन दोशी ने एनएसएस इकाई के इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी कार्यक्रम अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सेवा कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदनशीलता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीण समुदाय के साथ जुड़कर सामाजिक जागरूकता, जनसेवा एवं सामुदायिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।


