नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री देशराज के तीन दिवसीय प्रवास का तीसरा दिन प्रेरणादायी रहा।
प्रथम सत्र में देशराज ने कार्यकर्ताओं और आचार्यगण के साथ बैठक में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग मन, बुद्धि और आत्मा को शुद्ध करता है और विद्यार्थियों को प्रातःकाल योग व प्राणायाम कराना चाहिए। उन्होंने विद्या भारती की स्थापना, उद्देश्य और क्रांतिकारी कहानी भी सुनाई। द्वितीय सत्र में प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि पदाधिकारी विद्यालय के स्तंभ हैं। उनका दायित्व विद्यालय को संस्कार केंद्र के रूप में विकसित करना है।

तीसरे सत्र में देशराज ने छात्र-छात्राओं को साक्षात्कार दिया। विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल भाषा में उत्तर देते हुए उन्होंने माता-पिता का सम्मान, गुरु का सम्मान, राष्ट्र का सम्मान, स्वदेशी का प्रयोग और प्रकृति की रक्षा के पांच संकल्प लेने को कहा। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप गुप्ता, प्रदेश निरीक्षक विशोक कुमार, शैक्षिक प्रमुख महेश शर्मा, संभाग निरीक्षक जगवीर शर्मा, प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


