हंसापुर में फ्लाईओवर की मांग पर अड़े ग्रामीण, दसवें दिन भी धरना-प्रदर्शन रहा जारी
अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। बहसूमा के पास गांव हंसापुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच 119 सड़क बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। गांव हंसापुर के पास फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर ग्राम हंसापुर के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दसवें दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड और प्रशासनिक अनदेखी के बावजूद ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और धरना स्थल पर डटे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास पर फ्लाईओवर न होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होने की संभावना बनी रहेगी, जिसमें लोग अपनी जान तक गंवा सकते हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को सड़क पार करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करते हुए कहा कि दस दिन बीत जाने के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कोई ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द से जल्द फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों गिरिराज प्रधान,यतेंद्र सिंह, रणवीर सिंह गुर्जर, टीटू, मनोज, हरीश, राकेश जैनर, महेंद्र सिंह, दिनेश जैनर, विनोद जैनर आदि ने बताया कि एसडीएम मवाना संतोष कुमार को एक फ्लाइओवर की मांग को लेकर ज्ञापन भी सोपा गया है लेकिन अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है। धरना स्थल पर गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


