HomeUncategorizedसैनिकों के सम्मान से पुनर्वास तक, मेरठ में जुटेगा पूर्व सैनिकों का...

सैनिकों के सम्मान से पुनर्वास तक, मेरठ में जुटेगा पूर्व सैनिकों का महाकुंभ, सीएम योगी करेंगे शिरकत

  • – 14 नवंबर को कुलवंत सिंह स्टेडियम में मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली, वीर नारियों और सैनिक परिवारों को किया जाएगा सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। देश की सीमाओं की रक्षा में जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा समर्पित करने वाले सैनिकों के सम्मान और उनके परिवारों के कल्याण को लेकर मेरठ में 14 नवंबर को बड़ा आयोजन होने जा रहा है। क्रांति की धरती और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख सैन्य छावनी मेरठ में आयोजित होने वाली मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली में पूर्व सैनिकों के साथ वीर नारियां और उनके परिजन भी जुटेंगे।

कुलवंत सिंह स्टेडियम, मॉल रोड में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। रैली के माध्यम से सैनिकों के सम्मान के साथ उनके रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को भी प्रमुखता से सामने रखा जाएगा। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता कर आयोजन की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मेरठ क्रांति की भूमि है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा, जिसका सेना से किसी न किसी रूप में जुड़ाव न हो। मेरठ देश की पुरानी और बड़ी छावनियों में भी शामिल है। इसी महत्व को देखते हुए अगस्त 2026 में उन्होंने रक्षा मंत्री से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्व सैनिकों की बड़ी रैली आयोजित कराने का आग्रह किया था। केंद्र सरकार, रक्षा मंत्रालय, भारतीय सेना और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से यह आयोजन साकार हो रहा है।

डॉ. तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 नवंबर को रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की स्वीकृति दी है। कार्यक्रम में वीर नारियों और सैनिक परिवारों को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित करने की योजना है। सैनिक कल्याण विभाग का प्रयास है कि रैली में पहुंचने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सैनिकों के सम्मान के साथ उनके परिवारों की जरूरतों और समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता में शामिल है।

31 हजार पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर

डॉ. तोमर ने बताया कि प्रदेश में करीब 31 हजार पूर्व सैनिकों को विभाग के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि देश की सुरक्षा के लिए लंबे समय तक सीमाओं पर तैनात रहने वाले सैनिकों को सेवानिवृत्ति के बाद अपने घर और आसपास ही रोजगार मिल सके। इससे उन्हें परिवार के बीच रहते हुए सम्मानजनक जीवनयापन का अवसर मिलेगा। पूर्व सैनिकों के अनुभव और अनुशासन का उपयोग समाज के विकास में भी किया जा सकेगा।

13 जिलों में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए निश्शुल्क जमीन

पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने बताया कि प्रदेश के 13 जिलों में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित करने के लिए निश्शुल्क भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा प्रदेशभर के सैनिकों का डेटा डिजिटलाइज किया जा रहा है। लखनऊ में कंट्रोल रूम बनाया गया है, ताकि पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर नजर रखकर उनका समयबद्ध समाधान कराया जा सके। मेरठ में पिछले दो महीने से सैनिक चौपाल भी शुरू की गई हैं। इनके माध्यम से पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याएं और जरूरतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का मंच मिल रहा है।

हर ब्लॉक में तैयार होगा एक सैनिक प्रशिक्षक

डॉ. तोमर ने कहा कि सरकार हर ब्लॉक में ‘वन ब्लॉक वन सैनिक’ की अवधारणा लागू करने की दिशा में प्रयास कर रही है। इसके तहत एक सैनिक को जिम्मेदारी देकर स्थानीय स्टेडियम में अग्निवीर, पुलिस और रक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें अनुशासन, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है।

सरकार की मंशा ऐसे युवाओं की पीढ़ी तैयार करने की है, जो सेना और सुरक्षा बलों में सेवा देने के साथ एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी राष्ट्र निर्माण में योगदान कर सकें। इस दौरान सांसद डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, कमल दत्त शर्मा, आदि मौजूद रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments