HomeUncategorizedलखनऊ में बना 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा', चंद्रशेखर आजाद होंगे CM चेहरा

लखनऊ में बना ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’, चंद्रशेखर आजाद होंगे CM चेहरा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन की औपचारिक घोषणा की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया। दोनों नेताओं ने कहा कि यह मोर्चा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

क्या बोले नेता?

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसे सिर्फ ‘तीसरा मोर्चा’ कहना ठीक नहीं होगा, यह सामाजिक परिवर्तन का मोर्चा है। वहीं ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन भाजपा को प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए बनाया गया है। गठबंधन का मुख्य फोकस सामाजिक परिवर्तन, हाशिए पर खड़े समुदायों के मुद्दे, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर रहेगा।

कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

घोषणा के बाद दोनों पार्टियों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और गले मिलकर संकल्प लिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की सरकार बनाकर चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

नेताओं का कहना है कि यह गठबंधन बहुजन समाज एवं मुस्लिमों में सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक व राजनीतिक आजादी का मार्ग प्रशस्त करेगा।

कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रमुख नेता

एडवोकेट चरण सिंह (जिलाध्यक्ष, आसपा), इमरान अंसारी (महानगर अध्यक्ष, AIMIM), डॉ. ओमप्रकाश (प्रदेश सचिव, आसपा), पार्षद फजल करीम (AIMIM), फहीम रंगरेज, ताहिर अंसारी (AIMIM), संजीव पाल (प्रदेश संगठन मंत्री, आसपा), गुड्डू अंसारी (पार्षद, AIMIM), ब्रह्मोहन जी (प्रदेश कोर कमेटी सदस्य), शाहिद अंसारी (पार्षद, AIMIM), नौशाद (महानगर अध्यक्ष, आसपा), मो. अफजल (पार्षद, AIMIM), इंतजार अंसारी (वरिष्ठ नेता, AIMIM)।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments