HomeUncategorizedएमआईईटी स्कूल में सीबीएसई की कार्यशाला, एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग का दिया...

एमआईईटी स्कूल में सीबीएसई की कार्यशाला, एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग का दिया प्रशिक्षण

अजय चौधरी

नित्य संदेश, मेरठ। । जागृति विहार स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कंप्यूटेशनल थिंकिंग विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मेरठ के विभिन्न सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा तीन से आठ तक लागू किए जा रहे एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग के पाठ्यक्रम को लेकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, मैनेजर बरखा अग्रवाल, सीबीएसई नोएडा की सीओई हेड मौशुमी सरकार, सीबीएसई अंडर सेक्रेटरी गुलाब सिंह, सीबीएसई मेरठ के सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर सुधांशु शेखर, डिप्टी सिटी कोऑर्डिनेटर गोपाल दीक्षित, सीबीएसई के एआई प्रशिक्षक विजय कुमार शर्मा मौजूद रहे।

एआई प्रशिक्षक विजय कुमार शर्मा ने शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, चैटजीपीटी, रोबोटिक्स और कोडिंग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा शिक्षण में एआई आधारित टूल्स का इस्तेमाल कर पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटेशनल थिंकिंग के जरिये बच्चों में तार्किक क्षमता और समस्या समाधान का कौशल विकसित करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2023 के अनुरूप शिक्षण पद्धति अपनाने पर जोर दिया गया। शिक्षकों को बताया गया कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान और रटने तक सीमित रखने के बजाय उनमें समझ, विश्लेषण और रचनात्मक सोच विकसित करना जरूरी है। इसके लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, बिना कंप्यूटर के कंप्यूटेशनल गतिविधियां, विभिन्न विषयों के साथ एआई का समन्वय, शिक्षक हैंडबुक, पाठ्यक्रम मॉड्यूल और सतत मूल्यांकन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने कहा कि एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग का ज्ञान विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों में तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। नए पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रटने की प्रवृत्ति कम कर व्यावहारिक समझ और नवाचार को बढ़ावा देना है।

कार्यशाला का संचालन प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा के नेतृत्व में कोऑर्डिनेटर बुलबुल चौधरी, शिखा सचदेवा, नेहा तोमर और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से किया गया।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular