
- • 1,920 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता, छह घंटे तक मिलेगी निर्बाध बिजली; 4 हजार लोगों को रोजगार, जून 2027 तक सभी यूनिट शुरू करने का लक्ष्य
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होगी। डेस्टिनेशन कैबिनेट के रूप में होने वाली इस बैठक के जरिए सरकार गांधीसागर को ऊर्जा, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेगी। बैठक का प्रमुख आकर्षण करीब 11,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही 1,920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना होगी।
ग्रीनको ग्रुप द्वारा नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला क्षेत्र में बनाई जा रही यह परियोजना देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं में शामिल है। इसकी खासियत यह है कि दिन में उपलब्ध अतिरिक्त सौर एवं पवन ऊर्जा से पानी को ऊपरी जलाशय में पहुंचाया जाएगा और बिजली की मांग बढ़ने पर उसी पानी से टरबाइन चलाकर बिजली बनाई जाएगी।

छह घंटे में 1,920 मेगावाट बिजली
परियोजना में नौ टरबाइन लगाए जा रहे हैं। इसकी कुल स्टोरेज क्षमता 10,326 मेगावाट घंटे होगी और पूरी क्षमता पर लगातार छह घंटे तक बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। गांधीसागर के मौजूदा जलाशय को निचले जलाशय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि ऊपरी जलाशय का निर्माण किया जा रहा है। इस व्यवस्था में पानी का बार-बार उपयोग होगा।

जून 2027 तक पूरा होगा संचालन
परियोजना की पहली दो यूनिट दिसंबर 2026 में शुरू करने और शेष यूनिट जून 2027 तक चालू करने का लक्ष्य है। पूर्ण क्षमता से संचालन शुरू होने पर शाम और रात के पीक आवर्स में बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे सौर और पवन ऊर्जा का बेहतर उपयोग करने के साथ बिजली आपूर्ति को संतुलित करने में मदद मिलेगी।

निर्माण में 4 हजार को रोजगार
परियोजना के निर्माण के दौरान अब तक करीब 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन शुरू होने के बाद लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलने की संभावना है। इससे नीमच और मंदसौर क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।


