नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन गुरुवार को एसजीएम गार्डन में आयोजित हुआ। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंचे।
सम्मेलन की अध्यक्षता रालोद के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बफर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिलनवाज़ खान रहे। मुख्य प्रदेश महासचिव दिलप्रीत सिंह कोहली और प्रदेश महासचिव कवलजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए त्रिलोक त्यागी ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज हमेशा से चौधरी चरण सिंह की नीतियों और रालोद की विचारधारा की रीढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश के हर जिले और बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष दिलनवाज़ खान ने कहा कि भारी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि अल्पसंख्यक समाज का विश्वास रालोद के नेतृत्व में लगातार बढ़ रहा है। दिलप्रीत सिंह कोहली और कवलजीत सिंह ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी। मंच संचालन जिलाध्यक्ष (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) जहीर अब्बासी और क्षेत्रीय अध्यक्ष मारूफ ने किया।
सम्मेलन समापन के बाद की प्रेस कांफ्रेंस
समापन के बाद राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया और समसामयिक राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। सम्मेलन में थानाभवन विधायक अशरफ अली, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मालिक, जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, नरेंद्र खजूरी, विनय प्रधान, संजय रसूलपुर, सत्येंद्र चौधरी, ऋचा चौधरी, इंद्राणी त्यागी सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों के जिलाध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


