
सूरज कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मेरठ में सोमवार को वार्षिकोत्सव ‘रश्मिरथी’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलए मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि विवेक रस्तोगी, मेरठ स्कूल फेडरेशन अध्यक्ष राहुल केसरवानी, मिस यूनिवर्स डिवा इंडिया 2022 निशा मौर्य, मिस फेस ऑफ सिटी मेरठ 2026 कृति शेरावत, विद्यालय के चेयरमैन डॉ. बृजभूषण, निदेशक संदीप गोयल, संजय गोयल, सचिन गोयल तथा प्रधानाचार्या स्वीटा ओझा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वार्षिकोत्सव का विषय महान कवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध कृति ‘रश्मिरथी’ रहा। छात्र-छात्राओं ने सहयोग, मित्रता, दानशीलता, मानवता और एकता जैसी भावनाओं को कर्ण के जन्म, नदी में प्रवाह, अधिरथ के घर पालन, शिक्षा और परशुराम द्वारा शाप, दान के लिए संघर्ष, दुर्योधन से मित्रता और कवच-कुंडल दान के प्रसंगों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। चेयरमैन डॉ. बृजभूषण ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या स्वीटा ओझा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।


