नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। परिवार परामर्श केन्द्र, मेरठ में प्रभावी काउंसलिंग के माध्यम से 12 वैवाहिक विवादों का सफल एवं शांतिपूर्ण निस्तारण किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण में काउंसलर्स व प्रभारी परिवार परामर्श केन्द्र के समक्ष पारिवारिक व वैवाहिक विवादों से संबंधित पत्रावलियां प्रस्तुत की गईं।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को गंभीरता से सुनकर आपसी संवाद, समझ और सहमति के माध्यम से वैवाहिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया गया। फलस्वरूप 12 दम्पतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त 19 पत्रावलियां विभिन्न कारणों से बंद की गईं, जबकि शेष 129 पत्रावलियों में अग्रिम तिथि निर्धारित कर पक्षों को अवगत कराया गया।


