Homeअपराधमुठभेड़ में 25 लाख की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3...

मुठभेड़ में 25 लाख की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना मेडिकल पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और मोबाइल छिनैती करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर मुख्य अभियुक्त सहित 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, छीना गया मोबाइल फोन, 1,000 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई।

16 नवंबर को थाना मेडिकल क्षेत्र में सोमदत्त एन्क्लेव के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने एक महिला का वनप्लस मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया था। वादिया नेहा पत्नी अमित निवासी सोमदत्त सिटी की तहरीर पर थाना मेडिकल पर मु0अ0सं0 438/2026 धारा 304(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन के पर्यवेक्षण में 18 नवंबर को थाना मेडिकल पुलिस रिंग रोड, जागृति विहार एक्सटेंशन पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काली नदी रिंग रोड की ओर से स्कूटी पर सवार 3 संदिग्ध आते दिखे। पुलिस के रुकने के इशारे पर वे भागने लगे। पीछा करने पर स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और दो अभियुक्त फरार हो गए। एक अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आनन्द उर्फ लकड़ू पुत्र कालीचरण निवासी ग्राम भटीपुरा, थाना किठौर को गिरफ्तार कर लिया। कब्जे से 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस, 1,000 रुपये और स्कूटी बरामद हुई। मुठभेड़ के संबंध में थाना मेडिकल पर मु0अ0सं0 439/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया।

पूछताछ में आनन्द ने बताया कि उसने साथी दीपांशु पुत्र प्रमोद और गर्वित पुत्र खेमपाल सिंह निवासी हसनपुर कदीम, थाना भावनपुर के साथ मिलकर ग्राम भटीपुरा निवासी विकास कुमार गुप्ता से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। धमकी भरा पत्र गर्वित ने लिखा था, जिसे आनन्द और दीपांशु ने पीड़ित के घर फेंका था। इस संबंध में थाना किठौर पर मु0अ0सं0 455/2026 धारा 308(4) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत है। रंगदारी की कुछ धनराशि प्राप्त करना भी बताया गया, जिसमें से 1,000 रुपये आनन्द के पास शेष बचे थे।

अभियुक्तों ने बताया कि शेष रंगदारी की धनराशि प्राप्त करने के लिए उन्होंने सोमदत्त एन्क्लेव के पास महिला का मोबाइल छीना था और उसी मोबाइल से पीड़ित विकास कुमार गुप्ता को कॉल कर पुनः रंगदारी मांगी थी।

फरार हुए दोनों अभियुक्तों दीपांशु और गर्वित को थाना मेडिकल पुलिस ने रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। कब्जे से महिला से छीना गया वनप्लस मोबाइल फोन सिम सहित बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मु0अ0सं0 438/2026 में धारा 317(2)/61(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम : प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह, व0उ0नि0 प्रमोद कुमार, उ0नि0 कोशिन्दर कुमार, उ0नि0 चन्द्रकांत यादव, उ0नि0 शीलेन्द्र सिंह, उ0नि0 आशीष यादव, उ0नि0 सैंकी सिंह, कां0 ओमवीर, कां0 हरीमोहन।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular