
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ के मवाना कस्बे में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात युवक ने लाइटर से साड़ी शोरूम के बाहर टंगे दुपट्टों में आग लगा दी, जिसे स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
यह घटना मवाना कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल स्थित ‘कृष्णा साड़ी शोरूम’ के बाहर हुई।
शोरूम संचालक अजय कुमार शर्मा जब अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक अज्ञात युवक हाथ में लाइटर लेकर आया और दुकान के बाहर टंगे दुपट्टों में आग लगाकर मौके से भाग निकला। इस दौरान आग की चपेट में आने से खुद आरोपी का हाथ भी झुलस गया।

दुकान के बाहर अचानक लपटें उठती देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से शोरूम के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलने से बच गया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने का बड़ा खतरा भी टल गया।

घटना के बाद दुकानदार ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को मवाना क्षेत्र के इस्लामिया मदरसे से पकड़ लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। पीड़ित दुकानदार अजय कुमार शर्मा ने मवाना थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। मवाना के सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


