नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में भारतीय सेना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका और आधुनिक युद्ध प्रणाली में तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल राजीव के. साहनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य विषय भारतीय सेना में प्रौद्योगिकी के उपयोग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की केंद्रीय भूमिका और उससे विकसित हो रही नई कार्यप्रणाली रहा।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल राजीव के. साहनी ने अपने ज्ञानवर्धक व्याख्यान में बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधुनिक युद्ध प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है। अब युद्ध केवल पारंपरिक हथियारों और सैनिकों की संख्या से नहीं, बल्कि सूचना, तकनीकी क्षमता, सटीक निर्णय और तेजी से कार्रवाई करने की योग्यता से भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से बड़ी मात्रा में उपलब्ध सूचनाओं का तेजी से विश्लेषण कर सैन्य रणनीति को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अपने अनुभवों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक सैन्य अभियानों में तकनीक किस प्रकार सूचनाओं के विश्लेषण, परिस्थितियों के आकलन और निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायक होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अभियान की सफलता के लिए सही समय पर सटीक जानकारी और उसके आधार पर उचित निर्णय लेना बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दिशा में एआई एक प्रभावशाली तकनीकी माध्यम बनकर उभर रहा है।
लेफ्टिनेंट जनरल साहनी ने ड्रोन तकनीक और उसके रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि आधुनिक सैन्य व्यवस्था में ड्रोन निगरानी, सूचनाएं जुटाने और विभिन्न परिस्थितियों का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ड्रोन की उपयोगिता केवल उनके संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख, तकनीकी जांच, मरम्मत और रखरखाव की मजबूत व्यवस्था भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने ड्रोन मेंटेनेंस सिस्टम के महत्व को समझाते हुए बताया कि तकनीकी उपकरणों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उनकी कार्यक्षमता और समय पर रखरखाव पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
व्याख्यान के दौरान उन्होंने आधुनिक सैन्य रणनीति में ‘सेलेक्शन ऑफ टारगेट्स’ अर्थात लक्ष्यों के चयन की प्रक्रिया पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि किसी भी सैन्य अभियान में लक्ष्य का सही आकलन, उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण, परिस्थितियों की समझ और निर्णय लेने की क्षमता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस पूरी प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक और एआई की सहायता से निर्णयों को अधिक सटीक एवं प्रभावी बनाने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
व्याख्यान के बाद ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, सैन्य रणनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव के. साहनी ने सभी प्रश्नों के सहज, सरल और प्रभावशाली अंदाज में उत्तर दिए। उनके अनुभवों और व्यावहारिक उदाहरणों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को दूर करने के साथ उन्हें आधुनिक रक्षा तकनीक की नई संभावनाओं से भी परिचित कराया।
इस अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि लेफ्टिनेंट जनरल राजीव के. साहनी ने सुभारती विश्वविद्यालय में पधारकर विद्यार्थियों के साथ अपने बहुमूल्य अनुभव साझा किए और उन्हें आधुनिक युद्ध प्रणाली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा भारतीय सेना में तकनीक के बढ़ते महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तकनीकी ज्ञान, नवाचार और दूरदर्शी सोच बेहद आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को देश की रक्षा व्यवस्था से जुड़े ऐसे अनुभवी सैन्य अधिकारियों से सीधे सीखने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सुभारती डिफेंस एकेडमी के निदेशक कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। कर्नल त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में युद्ध केवल हथियारों और सैन्य शक्ति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि तकनीकी दक्षता, सटीक सूचना, रणनीतिक सोच और त्वरित निर्णय क्षमता भी इसकी सफलता के महत्वपूर्ण आधार बन गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं को केवल तकनीक का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि उसके माध्यम से देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता में योगदान देने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जनरल प्रशांतनु नारुका, सुभारती विश्वविद्यालय के सम-कुलाधिपति मेजर जनरल (डॉ.) जी.के. थपलियाल, एसएम (सेनि.), कुलपति प्रो. (डॉ.) बी.के. मित्तल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


