नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सीनियर वर्ग का आयोजन 14 नवंबर से किया जाएगा। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में होने वाले इस टूर्नामेंट में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
गुरु तेग बहादुर क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल नौ स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले टूर्नामेंट के प्रथम वर्ग (10 से 13 वर्ष) और द्वितीय वर्ग (14 से 16 वर्ष) का सफल आयोजन किया जा चुका है। अब सीनियर वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे।
आयोजन सचिव एवं क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि नौ टीमों को दो पूल में बांटा गया है। प्रत्येक टीम तीन लीग मैच खेलेगी। एक पूल में चार और दूसरे पूल में पांच टीमें रहेंगी। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच चुना जाएगा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ सभी टीमों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन 14 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला वाइस प्रेसिडेंट राष्ट्रीय लोकदल गाजियाबाद एवं जाट महासभा गाजियाबाद के मनोज राठी करेंगे। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. गोपाल दीक्षित, यश करण सिंह सालवान, प्रभा राव और गुरु तेग बहादुर का विशेष योगदान मिल रहा है।


