नित्य संदेश ब्यूरो
मुंबई। छोटे शहर से निकलकर अपनी मेहनत, हिम्मत और आत्मविश्वास के दम पर देश-दुनिया में पहचान बनाने वाली मेरठ की बेटी अर्चना गौतम आज फिल्म, टेलीविजन, व्यवसाय और राजनीति का एक चर्चित चेहरा बन चुकी हैं। मेरठ से मुंबई तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और बड़े सपनों को पूरा करने की कहानी है।
बॉलीवुड की फिल्मों से शुरू हुआ सफलता का सफर
अर्चना गौतम ने वर्ष 2016 में बॉलीवुड फिल्म ग्रेट ग्रैंड मस्ती से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद 2017 में श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म हसीना पार्कर और बारात कंपनी में अभिनय किया। वर्ष 2019 की फिल्म जंक्शन वाराणसी में भी उनकी विशेष प्रस्तुति रही। फिल्मों के साथ म्यूजिक वीडियो और मॉडलिंग के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई।
बिग बॉस ने दिलाई देशभर में लोकप्रियता
सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-16 में अर्चना गौतम ने अपने बेबाक और चुलबुले अंदाज से दर्शकों का दिल जीता। शो के टॉप-5 प्रतिभागियों में जगह बनाकर उन्होंने मेरठ का नाम रोशन किया। इसके बाद खतरों के खिलाड़ी, मास्टरशेफ इंडिया, द इंडियन गेम शो, द 50, रियलिटी रानी और लाफ्टर शेफ्स जैसे चर्चित टीवी कार्यक्रमों में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। उनकी लोकप्रियता भारत के साथ विदेशों में बसे दर्शकों तक भी पहुंची।
अभिनय के साथ बिजनेस में भी बढ़ाए कदम
मनोरंजन की दुनिया में पहचान बनाने के बाद अर्चना ने व्यवसाय के क्षेत्र में भी कदम रखा। मुंबई में उनका अपना कैफे ‘Oye Churros’ है। अभिनय, टेलीविजन और व्यवसाय में सक्रिय अर्चना उन युवतियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं, जो अपनी मेहनत के दम पर कुछ अलग करने का सपना देखती हैं।
हस्तिनापुर से चुनाव लड़कर राजनीति में बनाई पहचान
मनोरंजन जगत में लोकप्रियता हासिल करने के बाद अर्चना गौतम ने राजनीति की चुनौती भी स्वीकार की। वर्ष 2022 में प्रियंका गांधी के चर्चित अभियान ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के तहत कांग्रेस ने उन्हें मेरठ की ऐतिहासिक हस्तिनापुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा। चुनाव में जीत नहीं मिली, लेकिन अर्चना ने राजनीतिक जीवन में अपनी नई पारी की शुरुआत की।
चार साल के संघर्ष के बाद कांग्रेस में वापसी
पार्टी से निष्कासन और करीब चार वर्षों के उतार-चढ़ाव के बाद 11 नवंबर 2026 को अर्चना गौतम की कांग्रेस में वापसी हुई है। उनकी इस वापसी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अर्चना ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राजेंद्र पाल गौतम का आभार व्यक्त किया।
अपनी वापसी पर भावुक अर्चना गौतम ने कहा, चार साल से मैं इस दिन का इंतजार कर रही थी। इस दौरान मैंने बहुत कुछ सहा, लेकिन सच्चाई और अपने आत्मसम्मान का साथ कभी नहीं छोड़ा। आज सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर उस बेटी की जीत हुई है, जो अपने हक और सम्मान के लिए संघर्ष करती है।
अर्चना ने आगे कहा, प्रियंका गांधी जी ने नारा दिया था—’लड़की हूं, लड़ सकती हूं। आज मैं एक बार फिर गर्व से कह सकती हूं कि मैं लड़की हूं और लड़ सकती हूं। मैं कल भी लड़ी थी, आज भी लड़ रही हूं और आगे भी लड़ती रहूंगी। अर्चना गौतम ने कहा कि अब वह नई ऊर्जा और पूरे समर्पण के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, महिलाओं के सम्मान और जनता की सेवा के लिए काम करेंगी।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नई राजनीतिक शुरुआत
उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में उनकी वापसी राजनीतिक सफर का नया अध्याय है। फिल्मों से लेकर बिग बॉस और हस्तिनापुर के चुनावी मैदान तक अपनी पहचान बनाने वाली अर्चना अब एक बार फिर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।मेरठ की इस बेटी की कहानी सिर्फ ग्लैमर और राजनीति की नहीं, बल्कि उन सपनों, संघर्षों और मजबूत इरादों की भी है, जो एक साधारण शहर की लड़की को देशभर में पहचान दिलाते हैं।


