- भाजपा गोलवलकर-श्यामा प्रसाद के विचारों की पार्टी, गांधी एवं चरणसिंह के विचारों की पार्टी है रालोद
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बेगमपुल के निकट स्थित एसजीएम गार्डन में गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने गठबंधन, विचारधारा और पार्टी के एजेंडे को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि रालोद केवल किसान, मजदूर और अल्पसंख्यकों की ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के लोगों की पार्टी है। पार्टी का एजेंडा शुरू से ही यही रहा है कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर और हर वर्ग को साथ लेकर चला जाए।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरणसिंह क्या चाहते थे, चौधरी अजित सिंह क्या चाहते थे और अब जयंत चौधरी क्या चाहते हैं, पार्टी उसी एजेंडे पर निरंतर आगे बढ़ रही है। चौधरी चरणसिंह ने हमेशा किसान, मजदूर और गांव की आवाज को राजनीति के केंद्र में रखा। चौधरी अजित सिंह ने उस विरासत को आगे बढ़ाया। आज जयंत चौधरी उसी रास्ते पर पार्टी को आगे ले जा रहे हैं। पार्टी का मकसद सत्ता नहीं, बल्कि किसान और सर्व समाज के हितों की रक्षा है। जब विपक्ष में थी तो वह सड़क पर किसान मजदूरों की लडाई लडती थी, लेकिन आज एनडीए गठबंधन में शामिल होकर सरकार में शामिल है, अब वह सदन में किसानों की बात रखती है, जिसकी बदौलत किसानों को चार सौ रुपये प्रति कुंतल गन्ने का रेट मिला। सम्मेलन में गठबंधन को लेकर त्रिलोक त्यागी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, मेरी बात को गौर से सुनना। रालोद गठबंधन करता आया है। पहले कांग्रेस से चार बार-फिर सपा से चार बार, अब चौथा चुनाव एनडीए के साथ लड़ने जा रहे हैं। पांचवां किसके साथ होगा, क्या फैसला होगा, यह भविष्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन का युग है। गठबंधन की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। उन्होंने 23 पार्टियों के साथ मिलकर केंद्र में सरकार बनाई। कांग्रेस ने 26 दलों के साथ मिलकर सरकार बनाई। आज मोदी जी 32 पार्टियों-दलों की सरकार केंद्र में चला रहे हैं। उसी गठबंधन में हमारी भी एक पार्टी शामिल है।

भाजपा से दोस्ती पर साफ किया रुख
त्रिलोक त्यागी ने भाजपा से दोस्ती पर भी अपना रुख साफ किया। उन्होंने कहा, मैं मंच से कहने आया हूं, हमारी पार्टी अलग है, विचारधारा अलग है। भारतीय जनता पार्टी से हमारी दोस्ती है, हमारा कोई गठजोड़ नहीं है, हमारा कोई शादी का गठबंधन नहीं है। उन्होंने विचारधारा का फर्क भी समझाया। कहा कि भाजपा गोलवलकर और श्यामा प्रसाद के विचारों की पार्टी है, जबकि हमारी रालोद गांधी जी एवं चौधरी चरणसिंह जी के विचारों की पार्टी है। दोनों पार्टियों के विचार अलग हैं, लेकिन एनडीए में सैद्धांतिक दोस्ती है। सैद्धांतिक दोस्ती है, हमारा शादी का गठबंधन नहीं, केवल राजनीतिक गठबंधन है। रालोद ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया है और आगे भी नहीं करेगी।
गुलाम मोहम्मद नहीं आए, रहा चर्चा का विषय
सम्मेलन में एक बात चर्चा का विषय बनी रही। थाना भवन से रालोद विधायक तो सम्मेलन में शामिल हुए, लेकिन सिवालखास सीट से रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद शामिल नहीं हुए। उनके नहीं आने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का सम्मेलन था और अल्पसंख्यक समाज से आने वाले विधायक का न आना कई सवाल खड़े करता है। हालांकि मंच से इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई।
हर बूथ तक जाना होगा
त्रिलोक त्यागी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए हर बूथ तक जाना होगा। अल्पसंख्यक समाज को यह भरोसा दिलाना होगा कि रालोद उनकी पार्टी है। चौधरी चरणसिंह ने हिंदू-मुस्लिम एकता, किसान-मजदूर एकता की जो नींव रखी थी, उसी को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जाट-मुस्लिम भाईचारा रालोद की ताकत रहा है और यही ताकत आगे भी पार्टी को मजबूती देगी। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया


