Homeअपराधफर्जी फर्म खोलकर करोड़ों के इनपुट टैक्स क्रेडिट का खेल, एसटीएफ ने...

फर्जी फर्म खोलकर करोड़ों के इनपुट टैक्स क्रेडिट का खेल, एसटीएफ ने गैंग का एक सदस्य दबोचा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कूटरचित तरीके से फर्जी फर्म खोलकर फर्जी ई-वे बिल जारी कर इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लेकर सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचाने वाले गैंग के एक सदस्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ को मु0अ0सं0 02/2023 धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि थाना कोतवाली जनपद पीलीभीत में वांछित अभियुक्त राजकुमार शेट्टी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। राजकुमार शेट्टी पुत्र गिरराज प्रसाद शेट्टी निवासी 76 खंडेलवाल नगर, प्रेमनगर आगरा रोड, थाना खोनागोरियन, जयपुर पूर्व, राजस्थान है। गिरफ्तारी 17 नवंबर को शाम करीब 4:15 बजे एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ कार्यालय से हुई।

मामला 3 जनवरी 2023 का है। मोहम्मद फरमान पुत्र जहूर निवासी मोहम्मद सरफराज खान थाना कोतवाली जनपद पीलीभीत ने थाना कोतवाली पर तहरीर दी थी कि उसकी फरमान एंड संस के नाम से फर्म है। आयकर विभाग द्वारा उसे अधिनियम 142(1) एवं 143(1) के तहत नोटिस भेजकर अवगत कराया गया कि उसके द्वारा करोड़ों रुपये का व्यापार अपने पैन कार्ड नंबर से किया जा रहा है, जबकि उसके द्वारा इस तरह का कोई व्यापार नहीं किया गया।

जांच में पता चला कि उसके पैन कार्ड नंबर का प्रयोग कर रायन इंटरनेशनल नाम से फर्जी फर्म खोली गई थी। इस फर्म के माध्यम से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर फर्जी तरीके से व्यापार कर सरकार को लाखों रुपये की कर चोरी की जा रही थी।

मुकदमा थाना कोतवाली जनपद पीलीभीत पर पंजीकृत कर विवेचना शुरू हुई। अनावरण न होने पर पुलिस महानिदेशक के अनुमोदन पर विवेचना एसटीएफ को सौंपी गई। विवेचना बृजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ के पर्यवेक्षण में अरुण कुमार निगम, एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ द्वारा की जा रही है।

पूछताछ में राजकुमार शेट्टी ने बताया कि वह फर्म मिनेश कान्ट्रेक्टर एंड डवलपर प्रा0लि0, 308 ऐश्वर्य काम्पलेक्स सिविल लाइन अजमेर रोड जयपुर राजस्थान का डायरेक्टर है। जयपुर के अंकुर काण्डा ने उसे बताया था कि दिल्ली में कुछ लोग कूटरचित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्जी फर्म खोलकर फर्जी ई-वे बिल उपलब्ध कराते हैं, जिनके आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लिया जा सकता है।

लालच में आकर उसने भी फर्जी कागजातों के आधार पर खोली गई फर्म रायन इंटरनेशनल के फर्जी ई-वे बिल लिए। उसके साथियों के साथ मिलकर उसने फर्जी तरीके से रायन इंटरनेशनल के फर्जी बिल अपनी फर्म मिनेश कान्ट्रेक्टर एंड डवलपर प्रा0लि0 के नाम बनवाकर उसकी एवज में इन लोगों के बताए गए फर्म रायन इंटरनेशनल के बैंक खाते में अपनी फर्म से पैसे ट्रांसफर किए थे।

एसटीएफ ने बताया कि गैंग के सदस्य फर्जी फर्म के नाम से फर्जी ई-वे बिल उपलब्ध कराकर इसी फर्म के बैंकों के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करा लेते थे और फिर पैसे को अन्य फर्जी खातों में ट्रांसफर कर या हवाला के माध्यम से दो प्रतिशत कमीशन काटकर पैसे ट्रेडर्स को वापस कर देते थे। ट्रेडर्स उक्त फर्जी फर्म के फर्जी ई-वे बिल के आधार पर सरकार से इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लेते थे।

इस गैंग के एक सदस्य अंकुर काण्डा पुत्र महावीर प्रसाद निवासी सी-32 पलासिया अपार्टमेंट ए-2 पृथ्वीराज रोड सी-स्कीम थाना अशोक नगर जनपद जयपुर राजस्थान को 18 अक्टूबर 2026 को एसटीएफ ने जयपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular