नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मतदाता जोड़ो अभियान के अंतर्गत विधायक अमित अग्रवाल ने बूथ संख्या 316, विजय नगर में घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के नाम एवं विवरण का सत्यापन किया।
उन्होंने नागरिकों से संपर्क कर सूची में उनके नाम की उपलब्धता एवं विवरण की जानकारी ली। साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का वितरण किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है। सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। अभियान का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं को सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। अभियान के दौरान मंडल अध्यक्ष अनुराग विश्नोई, मंडल महामंत्री अरुण खटाना, अजय जैन, अनिल मित्तल, सुषमा, रचना, निर्मल गुप्ता, प्रखर जैन, राजेश शर्मा, अभिनव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


