
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। बैठक में व्याख्यानमाला समिति सदस्य, सलाहकार प्राध्यापकों, शिक्षकों एवं युवा साथियों ने सहभागिता कर आयोजन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया तथा अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में आगामी 5 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 67वीं शीतकालीन व्याख्यानमाला को अधिक सार्थक, ज्ञानवर्धक एवं समसामयिक बनाने पर चर्चा की गई। व्याख्यानमाला में वर्तमान सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय परिदृश्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को शामिल करने तथा विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों एवं प्रबुद्ध वक्ताओं को आमंत्रित करने के संबंध में विचार रखे गए।

वक्ताओं और विषयों के चयन, कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित संचालन, अधिकाधिक युवाओं, विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने व्याख्यानमाला को जनसंवाद और वैचारिक विमर्श का प्रभावी मंच बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।

उल्लेखनीय है कि अभ्यास मंडल वर्ष 1959 से निरंतर वैचारिक जागरूकता, बौद्धिक विमर्श एवं सामाजिक चेतना के उद्देश्य से व्याख्यानमाला का आयोजन करता आ रहा है। डॉ मालासिंह ठाकुर सचिव ने शीत कालीन व्याख्यानमाला की जानकारी प्रदान की आज की बैठक में श्री श्यामसुंदर यादव, डॉ गौतम कोठारी, अजीत सिंह नारंग, धर्मेंद्र चौधरी, मुरली धमांनी, अनिल भोजे, श्याम पांडे, मुरली खंडेलवाल, मनीष भालेराव, मयंक शर्मा, ब्रजेशसिंह धाकड़, अनिल मोड़क, सौरभ गोसर, नम्रता सांवत ने सुझाव देते हुए कहा की विभिन्न समाज, युवा, महिलाओं को इस ज्ञानकुंभ में जोड़ना चाहिए, कार्यक्रम में इंदौर जल संकट में जनता को जागरूक करने का संकल्प भी लिया उसके स्टिकर भी वितरित किये गए आभार रामेश्वर गुप्ता ने माना।


