नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना लोहिया नगर पुलिस ने थाना सदर बाजार पर पंजीकृत दुष्कर्म के प्रयास एवं एससी/एसटी एक्ट के अभियोग में वांछित अभियुक्त सलमान को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
थाना सदर बाजार पर धारा 115(2)/127(2)/351(3) बीएनएस एवं बढ़ोतरी धारा 64(2)/62(2) बीएनएस व 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत सलमान पुत्र इमामुद्दीन वांछित था। बुधवार को थाना लोहिया नगर पुलिस चेकिंग और तलाश में लगी थी। मुखबिर से सूचना मिली कि सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के निकट छिपा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मसमर्पण की चेतावनी पर अभियुक्त ने पुल पर चढ़कर भागने का प्रयास किया, इसी दौरान वह पुल से नीचे गिर गया। इससे उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई।
दो थानों में मुकदमे पंजीकृत
पुलिस ने घायल अभियुक्त को गिरफ्तार कर उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा। गिरफ्तार अभियुक्त सलमान पुत्र इमामुद्दीन निवासी शाहपुर जैननगर, थाना रोहटा है। उसके विरुद्ध रोहटा और गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में भी अभियोग पंजीकृत हैं।


