नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में आयुक्त मेरठ मंडल, भानु चन्द्र गोस्वामी ने रोल प्रेक्षक के रूप में जन-प्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया गया है। आलेख्य प्रकाशन अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 के दौरान अर्ह नागरिकों से नामावली में पंजीकरण के संबंध में दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। किसी भी अर्ह नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज होने से छूटा न रहे, यह भारत निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है। जनपद में कुल 2874 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन प्राप्त होने वाले फार्मों के डिजिटाइजेशन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में ईवीएम के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। 28 व 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस पर मतदान केन्द्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक पुनरीक्षण संबंधी कार्य करेंगे।
इस अवसर पर विधायक रफीक अंसारी, मेरठ महानगर अध्यक्ष भाजपा विवेक रस्तौगी, जिलाधिकारी वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी-प्रशासन विजय वर्धन तोमर तथा जिले की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


