HomeUncategorizedमतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने दलों...

मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने दलों से की अपील

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार, कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि प्रत्येक अर्ह नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करें और सहयोग प्रदान करें। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। विशेष अभियान की तिथियां 28 नवंबर और 29 नवंबर निर्धारित हैं। इन तिथियों में पदाभिहित अधिकारी मतदान केन्द्र पर और बूथ लेवल अधिकारी मतदेय स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपनी पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति कर दें, ताकि बीएलए, बीएलओ का सहयोग करते हुए सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकें। नई विकसित कॉलोनियों में निवास कर रहे मतदाताओं का नाम सम्मिलित कराने के लिए बीएलए, मतदाताओं के फार्म-6 भरवाने में बीएलओ का सहयोग करें।

बैठक में बताया गया कि दावे और आपत्तियों से संबंधित सूचियां फार्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी पर तैयार कर जनपद की वेबसाइट पर प्रतिदिन अपलोड की जा रही हैं। मतदाता नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 और प्रविष्टि में संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय या संबंधित मतदान केन्द्र पर बूथ लेवल अधिकारी को जमा करा सकते हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के डिजिटल प्लेटफार्म ECINET App के माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजने, फार्म से जुड़ी सेवाएं और चुनाव से संबंधित जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं। मतदाता सूची में पंजीकरण, विलोपन और संशोधन के लिए आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी-प्रशासन विजय वर्धन तोमर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह, पंकज दीक्षित, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ब्रजलाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज गुप्ता तथा विधायक अमित अग्रवाल, समाजवादी पार्टी के अहतेशाम इलाही, गुरेन्द्र प्रधान, अजय अधाना, कांग्रेस के हरकिशन वर्मा, सय्यद आमीर रजा, राकेश कुशवाहा, भाजपा के रवीश अग्रवाल और भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जयकरण आदि उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular