Home Blog Page 111

शोध को नई उड़ान: दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीसीएसयू के 50 शिक्षकों-शोधार्थियों को कराया शैक्षणिक भ्रमण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के 40 शोधार्थियों एवं 10 शिक्षकों के 50 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। भारत सरकार की अनुसंधान एवं विकास संबंधी ANRF-PAIR परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीसीएसयू के पूरे प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित करने के साथ ही इस शैक्षणिक भ्रमण का पूर्ण वित्तीय प्रायोजन (Fully Funded Academic Visit) song किया। इसका उद्देश्य सीसीएसयू के शोधार्थियों एवं शिक्षकों को दिल्ली विश्वविद्यालय की उन्नत शोध सुविधाओं, आधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों और विषय विशेषज्ञों से जोड़ना तथा दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग को नई दिशा देना था।

यह भ्रमण केवल एक सामान्य शैक्षणिक यात्रा नहीं, बल्कि देश में उच्च शिक्षण संस्थानों की शोध क्षमता विकसित करने के लिए शुरू की गई ANRF-PAIR परियोजना के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की महत्वपूर्ण पहल है। इस परियोजना में दिल्ली विश्वविद्यालय को हब (Hub) तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को स्पोक (Spoke) संस्थान के रूप में जोड़ा गया है। इस व्यवस्था के माध्यम से दिल्ली विश्वविद्यालय अपनी शोध विशेषज्ञता, आधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों एवं उपलब्ध अनुसंधान संसाधनों के जरिए सीसीएसयू की शोध क्षमताओं को विकसित करने में सहयोग कर रहा है। वहीं सीसीएसयू के शिक्षक एवं शोधार्थी इस साझेदारी के माध्यम से नई शोध तकनीकों, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और उन्नत अनुसंधान सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने शोध कार्य को आगे बढ़ा सकेंगे।

क्या है ANRF-PAIR परियोजना, कैसे काम करता है हब-स्पोक मॉडल

ANRF का पूरा नाम अनसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (Anusandhan National Research Foundation) है। इसके अंतर्गत संचालित PAIR का पूरा नाम Partnerships for Accelerated Innovation and Research है। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य देश के विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच शोध संबंधी असमानताओं को कम करना, अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाना और संस्थागत स्तर पर शोध क्षमता का विकास करना है।

इस परियोजना के अंतर्गत हब-स्पोक मॉडल अपनाया गया है। इसमें हब संस्थान के रूप में चयनित विश्वविद्यालय अपनी विशेषज्ञता, आधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों, शोध नेटवर्क और अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से स्पोक संस्थान को सहयोग प्रदान करता है। दूसरी ओर स्पोक संस्थान अपने शिक्षकों, शोधार्थियों और उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों के माध्यम से अनुसंधान गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल एक संस्थान से दूसरे संस्थान तक शोध सुविधाओं की पहुंच बनाना नहीं, बल्कि दोनों के बीच दीर्घकालिक शोध साझेदारी विकसित करना है।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिए यह साझेदारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके माध्यम से विभिन्न विज्ञान विषयों के शोधार्थियों को दिल्ली विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों एवं उन्नत शोध सुविधाओं के साथ प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इससे संयुक्त शोध परियोजनाओं, अंतर्विषयक अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शोध पत्रों के प्रकाशन की संभावनाओं को विस्तार मिलेगा।

दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से तैयार कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल का भ्रमण विश्वविद्यालय के नॉर्थ एवं साउथ कैंपस में आयोजित किया गया। नॉर्थ कैंपस में शोधार्थियों को उनकी संबंधित शोध रुचियों एवं विषयगत क्षेत्रों के अनुसार समूहों में विभाजित किया गया। यहां भौतिक विज्ञान, प्राणी विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं पर्यावरण अध्ययन विभागों की प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया। प्रतिभागियों ने इन विभागों में संचालित अनुसंधान गतिविधियों, प्रयोगात्मक कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक उपकरणों और उपलब्ध शोध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने यूनिवर्सिटी साइंस इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर (USIC) का भ्रमण किया। यहां शोध में उपयोग होने वाले आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं अनुसंधान संबंधी तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी गई। शोधार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों और आधुनिक परीक्षण तकनीकों का उपयोग किस प्रकार उच्च स्तरीय अनुसंधान में किया जाता है। इससे उन्हें अपने शोध कार्य में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और संभावित सहयोग के नए अवसरों को समझने में मदद मिली।

दोपहर बाद प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस का भी शैक्षणिक भ्रमण किया। यहां अकादमिक एवं अनुसंधान सुविधाओं का अवलोकन कराया गया। इस प्रकार एक ही दिन में प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के दोनों प्रमुख परिसरों में उपलब्ध शोध एवं शैक्षणिक संसाधनों से परिचित होने का अवसर मिला।

इस भ्रमण में सीसीएसयू के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, सूक्ष्मजीव विज्ञान, प्राणी विज्ञान, जेनेटिक्स एवं प्लांट ब्रीडिंग सहित विभिन्न विज्ञान विषयों के शोधार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। दिल्ली विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के साथ संवाद के दौरान प्रतिभागियों को अपने शोध विषयों से संबंधित नई तकनीकों, अनुसंधान की आधुनिक प्रवृत्तियों, प्रयोगशाला सुविधाओं तथा वैज्ञानिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि विभिन्न विषयों के शोधार्थियों को एक साझा अकादमिक मंच उपलब्ध हुआ। इससे अंतर्विषयक अनुसंधान (Interdisciplinary Research) को प्रोत्साहन मिल सकता है। उदाहरण के तौर पर भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन जैसे विषयों के बीच तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहयोग से नई शोध संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।

इस प्रकार के अकादमिक संपर्क से सीसीएसयू के शोधार्थियों को केवल अपने विषय तक सीमित रहने के बजाय दूसरे विषयों के विशेषज्ञों के साथ मिलकर शोध समस्याओं के समाधान तलाशने का अवसर मिलेगा। भविष्य में दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षक एवं शोधार्थी संयुक्त शोध पत्र तैयार करने, अनुसंधान परियोजनाएं विकसित करने और वैज्ञानिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में भी सहयोग कर सकेंगे।

दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से ANRF-PAIR परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रो. राज किशोर शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी एवं अकादमिक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे दिल्ली विश्वविद्यालय में डीन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट तथा चेयरमैन, रिसर्च काउंसिल भी हैं। उनके साथ प्रो. हाशमी, प्रो. शैलेंद्र, डॉ. उपदेश एवं डॉ. प्राक्षी सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं विशेषज्ञों ने कार्यक्रम में सहयोग किया।

सीसीएसयू की ओर से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ANRF-PAIR परियोजना के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर एवं निदेशक, अनुसंधान एवं विकास प्रो. बीरपाल सिंह ने किया। भ्रमण के समन्वय में भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल के. यादव, रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. नाजिया तरन्नुम, सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की डॉ. अंजलि मलिक, वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. ईश्वर तथा प्राणी विज्ञान विभाग के डॉ. दुष्यंत के. चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सीसीएसयू के निदेशक, अनुसंधान एवं विकास तथा ANRF-PAIR परियोजना के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर प्रो. बीरपाल सिंह ने कहा कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय शोध, नवाचार और अकादमिक सहयोग को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। ANRF-PAIR जैसी राष्ट्रीय स्तर की परियोजनाएं विश्वविद्यालयों को अपनी शोध क्षमता विकसित करने और देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ मिलकर काम करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा सीसीएसयू के 40 शोधार्थियों एवं 10 शिक्षकों को आमंत्रित करना और पूरे शैक्षणिक भ्रमण का फुली फंडेड प्रायोजन करना दोनों विश्वविद्यालयों के बीच मजबूत अकादमिक सहयोग एवं सकारात्मक दृष्टिकोण का परिचायक है। इस भ्रमण का उद्देश्य केवल प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराना नहीं, बल्कि शोधार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों, उन्नत अनुसंधान तकनीकों और अनुभवी विशेषज्ञों से जोड़ना है। इससे उन्हें अपने शोध कार्य को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने और नई शोध संभावनाओं को समझने में सहायता मिलेगी।

प्रो. सिंह ने कहा कि हब-स्पोक मॉडल के माध्यम से शोध सुविधाओं, विशेषज्ञता और वैज्ञानिक ज्ञान का आदान-प्रदान संभव हो रहा है। इससे भविष्य में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त शोध परियोजनाओं, गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशनों और अंतर्विषयक अनुसंधान को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुलपति के मार्गदर्शन में इस प्रकार की पहल चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की शोध क्षमता को और मजबूत करने के साथ उसके शिक्षकों एवं शोधार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।

ANRF-PAIR परियोजना के अंतर्गत दिल्ली विश्वविद्यालय के साथ विकसित यह साझेदारी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस शोध नेटवर्क से सीसीएसयू के शोधार्थियों को आधुनिक अनुसंधान सुविधाओं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन का लाभ मिलने के साथ विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार, संयुक्त प्रकाशन और नई शोध परियोजनाओं की संभावनाओं को विस्तार मिलेगा। यह पहल विश्वविद्यालय की शोध संस्कृति को मजबूत करने और राष्ट्रीय शोध परिदृश्य में उसकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खेल मैदान में “रन फॉर यूनिटी” दौड़ का सफल आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आज राष्ट्रीय एकता दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य “रन फॉर यूनिटी” दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय कुलपति जी के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य “अनेकता में एकता ही हमारी शान है, इसलिए मेरा भारत महान है” के राष्ट्रव्यापी संदेश और भावना को जन-जन तक पहुंचाना और बढ़ावा देना था।

इस गरिमामयी अवसर पर शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षा संकाय के संकाय अध्यक्ष (डीन) प्रोफेसर राकेश शर्मा, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर इन-चार्ज प्रोफेसर दिनेश कुमार, और कार्यक्रम के समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) डॉ. प्रवीण कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की अखंडता और विविधता में छिपी एकता की शक्ति को याद दिलाता है। खेल और इस प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं युवाओं में टीम भावना और देश प्रेम की भावना को मजबूत करती हैं।

आयोजन को सफल बनाने में विभाग के शिक्षक और समन्वयक डॉ. दाऊ दयाल यादव, मौसम चौहान, आदित्य कुमार, अंकुश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौड़ प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न अन्य विभागों के छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ दौड़ में भाग लिया।

सेंट जॉन्स गर्ल्स स्कूल में तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर शुरू

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी फॉर गर्ल्स स्कूल में भारतीय डाक विभाग द्वारा तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ हुआ।

शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पदक प्राप्त पोस्ट फोरम सलाहकार समिति सदस्य सरदार सरबजीत सिंह कपूर और प्रधानाचार्या डॉ. अर्शा जॉय वेल्फ्रेड ने फीता काटकर किया।शिविर में विद्यार्थियों और अभिभावकों के नए आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं और संशोधन की सुविधा दी जा रही है। इससे उन्हें स्कूल परिसर में ही सरकारी सेवा मिल रही है। सरबजीत सिंह कपूर ने कहा कि ऐसे शिविर आमजन को सेवाएं सरलता से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण हैं। प्रधानाचार्या ने कहा कि इससे समय और श्रम की बचत होगी।

सुभारती विश्वविद्यालय में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्रवाद एवं राष्ट्र निर्माण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पीठ एवं गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों, राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण की अवधारणा पर केंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में आयोजित संगोष्ठी का मुख्य विषय “नेताजी सुभाष चंद्र बोस का भारत के प्रति दृष्टिकोण : राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण” रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात रक्षा विशेषज्ञ एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. जी.डी. बख्शी, एसएम, वीएसएम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं आईपीएस (सेवानिवृत्त) श्री सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय और फिल्म निर्माता श्री अमलेंदु कुसुम घोष उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रितेश चौधरी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षाविदों एवं सभी बच्चों का स्वागत करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का व्यक्तित्व भारतीय इतिहास में साहस, त्याग, राष्ट्रप्रेम और अदम्य संकल्प का प्रतीक है। उनके विचारों पर विमर्श करना केवल अतीत को याद करना नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराना भी है।

मुख्य अतिथि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. जी.डी. बख्शी ने अपने ओजस्वी एवं प्रभावशाली संबोधन में भारतीय प्राचीन इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जेन-जी पीढ़ी को संबोधित करते हुए कहा कि आजाद भारत में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। युवाओं को यह समझना चाहिए कि स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए देशवासियों ने कितना संघर्ष और बलिदान दिया है। उन्होंने औपनिवेशिक शासन के दौरान भारतीयों के साथ किए जाने वाले अपमानजनक व्यवहार का उल्लेख करते हुए अंग्रेजों की उस मानसिकता को याद किया, जिसमें भारतीयों को अपमानित किया जाता था और सार्वजनिक स्थानों पर उनके साथ भेदभाव होता था। उन्होंने कहा कि यह इतिहास हमें स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य और राष्ट्रीय स्वाभिमान का बोध कराता है। डॉ. बख्शी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धेय और पूजनीय व्यक्तित्व बताते हुए उनके अदम्य साहस, सैन्य नेतृत्व, राष्ट्रवाद और स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचारों और उनके ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय नेताजी के आदर्शों और उनके राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नेताजी के इतिहास और विचारों का गंभीरता से अध्ययन करें तथा अपने ज्ञान, कौशल और सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्रहित में करें।

विशिष्ट अतिथि एवं पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक श्री सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने राष्ट्र निर्माण में प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस आज भी युवाओं के लिए आदर्श और प्रेरणास्रोत हैं। वर्तमान समय में जब युवा पीढ़ी के सामने अनेक चुनौतियां और दिशाभ्रम की स्थितियां हैं, तब नेताजी का जीवन उन्हें स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का मार्ग दिखाता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की शक्ति, चरित्र निर्माण और आत्मविश्वास से ही राष्ट्र का भविष्य निर्धारित होता है। उन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय युवा पीढ़ी में चरित्र निर्माण, राष्ट्रीय चेतना और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने संदेश में कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है। उनका व्यक्तित्व आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति अटूट निष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने विशेष रूप से कृतज्ञता (ग्रेटिट्यूड) के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए, जिनके संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने मुख्य अतिथि मेजर जनरल डॉ. जी.डी. बख्शी का सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में आगमन पर हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना भी है। ऐसी संगोष्ठियां युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ती हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।


विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के व्यक्तित्व और विचारों को समझना सागर की गहराइयों से अनमोल मोती निकालने के समान है। उनके विचारों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, अदम्य साहस, सामाजिक समरसता और अखंड भारत की परिकल्पना समाहित है। उन्होंने कहा कि यदि अखंड भारत के स्वतंत्रता दिवस की ऐतिहासिक चेतना को स्मरण करना है तो 21 अक्टूबर का दिन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि नेताजी का सपना एक ऐसे भारत का था, जो आत्मनिर्भर, संगठित, सशक्त और सामाजिक एकता के सूत्र में बंधा हो। आज के सामाजिक, शैक्षणिक और राष्ट्रीय परिदृश्य में उनके विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं।


फिल्म निर्माता अमलेंदु कुसुम घोष ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पीठ को अपनी शुभकामनाएं देते हुए सुभारती विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्र प्रथम और सर्व प्रथम की भावना को केंद्र में रखकर कार्य कर रहा है। उन्होंने ऑडिटोरियम में उपस्थित जेन-जी विद्यार्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि युवा अपनी दिशा और लक्ष्य से न भटकें, बल्कि अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता का उपयोग देशहित में करें। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान लेखक प्रो. अशोक त्यागी द्वारा लिखित पुस्तक ‘भारत की क्रांतिकारी चेतना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ का विमोचन भी किया गया। पुस्तक के माध्यम से भारतीय क्रांतिकारी चेतना और आधुनिक तकनीकी विकास के बीच संबंधों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बदलते दौर में राष्ट्र, समाज और शिक्षा के समक्ष उभरती संभावनाओं एवं चुनौतियों पर विचार-विमर्श का मार्ग प्रशस्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में रामप्रकाश तिवारी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षाविदों, आयोजकों एवं मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन डॉ. प्रीति सिंह ने किया।

परीक्षितगढ़ में धूमधाम से निकली महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। शनिवार को नगर में महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ वाल्मीकि मंदिर से चेयरमैन हिटलर त्यागी ने पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया। सपा नेता किशोर वाल्मीकि ने महर्षि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर तिलक किया।

शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि के जीवन चरित्र, राम दरबार सहित देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां रहीं। बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

शोभायात्रा वाल्मीकि मंदिर से आसिफाबाद चौराहा, मवाना स्टैंड, शिव चौक, मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक, किठौर तिराहा होते हुए मंदिर पर संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर समिति अध्यक्ष देवेंद्र टांक, उपाध्यक्ष संतोष वाल्मीकि, नरेंद्र घाघट, हर्ष, राहुल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।