Home Blog Page 114

एमआईईटी स्कूल में ‘यूफोरिया 2.0’ का आयोजन, पल्लवपुरम शाखा बनी ओवरऑल चैंपियन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में अंतरशाखीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘यूफोरिया 2.0’ का आयोजन किया गया। इसमें मवाना रोड, पल्लवपुरम और जागृति विहार शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में लोक नृत्य, फ्यूजन डांस और देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, देशप्रेम और कलात्मक प्रतिभा की शानदार झलक पेश की। प्रतियोगिताओं में देशभक्ति गीत और फ्यूजन डांस में एमआईईटी स्कूल मवाना रोड शाखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लोक नृत्य में एमआईईटी स्कूल पल्लवपुरम शाखा विजेता रही। सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पल्लवपुरम शाखा ने ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य   श्रीजॉय बनर्जी  और पिंकी गोयल वर्मा ने किया। इस अवसर पर चेयरमैन विष्णु शरण अग्रवाल, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, मैनेजर बरखा अग्रवाल, मवाना रोड की प्रधानाचार्या रुपाली सहगल, जागृति विहार की प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा और पल्लवपुरम के प्रधानाचार्य नवनीत चड्ढा ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया।

सोनाटा गोल्ड धनतेरस के लिए सोने के सदाबहार आकर्षण को एक नए रूप में पेश किया

नित्य संदेश ब्यूरो

गाजियाबाद। सोनाटा लेकर आए हैं अपने सोनाटा गोल्ड कलेक्शन का नया रूप। खासतौर पर धनतेरस के लिए पेश किए गए इस कलेक्शन में शानदार डिज़ाइन और नए रंगों का संयोजन देखने को मिलता है। समृद्धि, सौभाग्य और नई शुरुआत के प्रतीक के रूप में सोने के महत्व को ध्यान में रखते हुए, यह कलेक्शन पारंपरिक त्योहारों को आधुनिक डिज़ाइन और रोज़मर्रा की उपयोगिता के साथ एक नया रूप देता है। अपनी बारीक कारीगरी के साथ, नया सोनाटा गोल्ड कलेक्शन आपके त्योहारों के लुक में चार-चांद लगा देगा। यह सोने के महत्व को ऐसी घड़ी के रूप में पेश करता है, जिसे आप त्योहारों के बाद भी पहन सकते हैं और हमेशा संजोकर रख सकते हैं। परंपरा और रोज़मर्रा की ज़रूरत का बेहतरीन संयोजन होने के कारण, यह कलेक्शन आपकी त्योहारों की खरीदारी को खास बना देगा। क्योंकि यह आपके अपने स्टाइल और त्योहार की भावना को एक साथ लाता है।

इस अवसर पर टाइटन कंपनी लिमिटेड में सोनाटा ब्रांड के हेड, पुलक नारायण ने कहा सोनाटा गोल्ड, सोनाटा का एक प्रमुख प्रोडक्ट रहा है। इसमें बेहतरीन डिज़ाइन और सोने का मूल्य दोनों शामिल हैं, जो धनतेरस जैसे शुभ अवसर के लिए एकदम परफेक्ट हैं। सोनाटा गोल्ड के साथ हमारे ग्राहक कीमती और पारंपरिक खरीददारी कर सकते हैं। इसकी खासियत यह है त्योहार के खास मौके के बाद भी लंबे समय तक उनके साथ रहता है। इस साल धनतेरस के मौके पर हम जो सोनाटा गोल्ड का नया कलेक्शन लेकर आए हैं, जो एक कदम और आगे है। इसमें डिज़ाइन, प्रीमियम मटीरियल और सोच-समझकर शामिल किए गए एलीमेंट्स पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस तरह यह कलेक्शन परंपरा और संस्कृति के साथ गहराई से जुड़े रहते हुए आधुनिक बन जाता है। हमें पूरा विश्वास है कि यह कलेक्शन हमारे ग्राहकों को बहुत पसंद आएगा और सोनाटा गोल्ड हमेशा की तरह हमारा बेस्टसेलर बना रहेगा।

सोनाटा का नया गोल्ड कलेक्शन दो नए रंगों – ब्लू और ग्रीन – में उपलब्ध है, जिसके साथ एक आकर्षक गोल्ड-टोन बेज़ेल दिया गया है। डायल पर बना सुंदर पैटर्न इसे गहराई देता है, जबकि नीचे के हिस्से में बीचों-बीच एक रिंग से घिरा 22 कैरेट सोने का सिक्का इस घड़ी की सबसे खास पहचान है। ऐसे समय में जब सोने की कीमत लगभग रु14,400 प्रति ग्राम है, यह कलेक्शन सोने की खरीदारी को और अधिक सुलभ बनाता है। यह ग्राहकों के लिउ धनतेरस पर सोना खरीदने की परंपरा को एक आधुनिक अंदाज़ में बदल देता है।

इस कलेक्शन की हर घड़ी धनतेरस की भावना को संजोने का एक बेहतरीन ज़रिया है। क्राउन पर की गई बारीक कारीगरी, बेहतरीन इंडेक्स, नए डिज़ाइन वाली मिनट रिंग और बेहतर सुइयाँ, इन घड़ियों को एक शानदार फिनिश देती हैं और डायल को पढ़ने में भी आसान बनाती हैं। सोने के सांस्कृतिक महत्व और आधुनिक डिज़ाइन का मेल होने के कारण, इस कलेक्शन की घड़ियां उन लोगों के लिए बेहतरीन हैं, जो शुभ अवसर की भावना को अपने रोज़मर्रा के जीवन में भी शामिल करना चाहते हैं।

यह कलेक्शन बेहतरीन कारीगरी के साथ रोज़मर्रा की उपयोगिता का शानदार संयोजन है। चाहे आप इसे धनतेरस पर अपने लिए खरीदें या किसी प्रियजन को उपहार में दें, नया सोनाटा गोल्ड कलेक्शन एक पुरानी और प्यारी परंपरा को आधुनिक अंदाज़ में आगे बढ़ाने का बेहतरीन ज़रिया है। 8,695 रुपये से शुरू होने वाला यह नया सोनाटा गोल्ड कलेक्शन टाइटन वर्ल्ड स्टोर्स, अधिकृत रिटेल आउटलेट्स, प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन उपलब्ध होगा। यह त्योहारी सीज़न के लिए सोने से बनी एक ऐसी पेशकश है, जो पारंपरिक विरासत को आधुनिक रूप में पेश करती है। 

शास्त्री नगर के स्कूल में सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर, डी-ब्लॉक शास्त्री नगर में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा से मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य वक्ता शुभम त्यागी ने बताया कि किस प्रकार पटेल जी ने 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण किया।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को पटेल जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन अंजलि अग्रवाल ने किया। इस दौरान ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह से भाग लिया। मिस चांदनी नेगी और उमेश कुमार ने दौड़ को रवाना किया।

सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत भगवानपुर में ग्राम सभा का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत भगवानपुर, ब्लॉक मवाना कलां में केनरा बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ द्वारा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केनरा बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री विकास कुमार यादव उपस्थित रहे।

विकास कुमार यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक, ने अपने संबोधन में बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय समावेशन, सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार एवं बैंक की विभिन्न ग्राहक हितैषी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि राकेश खन्ना एलडीएम केनरा बैंक मेरठ ने अपनी संबोधन में कहा कि हम सभी को एक जिम्मेदार नागरिक होते हुए सभी तरह के डिजिटल फ्रॉड को लेकर सजक रहना होगा एवं अपने आसपास हो रहे सभी तरह के प्रॉब्लम को साइबर सेल तक पहुंचना भी हमारा कर्तव्य होना चाहिए

मनीष कुमार वार्ष्णेय, सतर्कता अधिकारी, ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, मनी म्यूल खाते तथा ओटीपी, यूपीआई एवं क्यूआर कोड से संबंधित वित्तीय ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को आगाह किया कि वे अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन, सीवीवी एवं बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश से सावधान रहें। साथ ही, साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

इस अवसर पर आरसेटी मेरठ के निदेशक श्री निशांत गौतम द्वारा वित्तीय साक्षरता एवं स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में लगभग 50–60 स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में तुषार दलाकोटी, शाखा प्रबंधक, केनरा बैंक, मवाना खुर्द; माधुरी शर्मा, प्रशिक्षण समन्वयक; तथा रमेश जोशी व श्रीओम का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त नीतिन, राजेश, रीना, अलका, संयोगिता एवं काजल ने भी कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन रमेश जोशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को जागरूक, सतर्क एवं सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने के प्रति प्रेरित करना रहा।

इंदिरा गांधी के शहीद दिवस पर कांग्रेस सेवादल का रक्तदान शिविर

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के निर्देश पर आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के शहीद दिवस पर 24 अकबर रोड, नई दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

मेरठ कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि मेरठ सेवादल के कार्यकर्ताओं ने शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान जीतू सिंह नागपाल भी साथियों के साथ कार्यालय पहुंचे और यूपी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना से मुलाकात की।

विनोद सोनकर ने कहा कि रक्तदान महादान है और मानवता की सेवा है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. द्वारा रक्तदाता सम्मान प्रमाण पत्र दिया गया। शिविर में अरविंद त्यागी, अनिल प्रेमी, सरताज चौधरी, राहत अली, पवन थापा, संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में सेवादल कार्यकर्ता मौजूद रहे।