Home Blog Page 127

लाला लाजपत राय स्मारक (LLRM) मेडिकल कॉलेज में खेल समारोह (एस.एम.सी.टी. 2026) का भव्य शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (LLRM) मेडिकल कॉलेज के स्टेडियम में आज वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एस.एम.सी.टी. 2026 का अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ शुभारंभ किया गया।

समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता एवं गेल गैस लिमिटेड के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक और अधिकारी प्रभारी श्री विनय कुमार ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और आसमान में शांति के प्रतीक कबूतर छोड़कर किया। इस अवसर पर डॉ. अमित गर्ग, डॉ. लोकेश कुमार सिंह, डॉ. अमरेन्द्र चौधरी, डॉ. संदीप मालियान, डॉ. राहुल सिंह सहित कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक व संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा जैसा तनावपूर्ण और जिम्मेदारी से भरा पेशा अपनाने वाले छात्रों के लिए खेलों का महत्व और भी बढ़ जाता है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि भविष्य के डॉक्टरों में टीम भावना, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का भी विकास करते हैं।

उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण मार्च पास्ट और परेड रहा, जिसमें कॉलेज के चारों हाउसों – रेड, येलो, ग्रे और ब्लू हाउस के छात्र-छात्राओं ने पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। इसके पश्चात सभी खिलाड़ियों को खेल नियमों के पालन और निष्पक्षता की शपथ दिलाई गई।

इस वार्षिक खेल महोत्सव के दौरान क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित कई प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन दिवस पर खेले गए पहले मुकाबलों में छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। समारोह के अंत में डॉ. अंशु टण्डन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में होने वाले फाइनल मुकाबलों के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मुख्य समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन, वरिष्ठ डॉक्टर, फैकल्टी मेंबर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शोभित विश्वविद्यालय मेरठ और आईआईटी रुड़की के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

डा. अभिषेक डबास

नित्य संदेश, मोदीपुरम। उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मेरठ ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करना, अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए नए अवसर विकसित करना है।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. त्यागी, प्रो-कुलपति प्रो. (डॉ.) जयानंद तथा कुलसचिव डॉ. पंकज राणा उपस्थित रहे। आईआईटी रुड़की की ओर से प्रो. (डॉ.) के. के. पंत, निदेशक, आईआईटी रुड़की, प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार मलिक, डीन (रिसर्च), आईआईटी रुड़की एवं प्रोफ नवानी इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू एवं कुलसचिव डॉ. महिपाल सिंह भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने शोभित विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों के बीच शैक्षणिक सहयोग और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

समझौता ज्ञापन का उद्देश्य उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं विकास, नवाचार, प्रशिक्षण, परामर्श सेवाओं तथा संस्थागत क्षमता निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक प्रभावी रूपरेखा तैयार करना है। इसके अंतर्गत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, अंतर्विषयक अनुसंधान तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक पद्धतियों के आदान-प्रदान की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रस्तावित सहयोग के अंतर्गत पीएच.डी. शोधार्थियों के संयुक्त मार्गदर्शन, शोध पत्रों के संयुक्त प्रकाशन, प्रायोजित अनुसंधान परियोजनाओं, विद्यार्थियों की इंटर्नशिप, नवाचार परियोजनाओं, स्टार्टअप इनक्यूबेशन तथा उद्यमिता विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पाठ्यक्रम संवर्धन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, प्रयोगशालाओं एवं अनुसंधान सुविधाओं के साझा उपयोग, संकाय विकास कार्यक्रमों, सम्मेलनों, कार्यशालाओं, विशेषज्ञ व्याख्यानों तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन में भी सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

समझौते के अंतर्गत विभिन्न सहयोगात्मक गतिविधियों एवं परियोजनाओं को दोनों संस्थानों की आपसी सहमति से विकसित एवं क्रियान्वित किया जाएगा।

बीएनजी इंटरनेशनल ने दर्शन एकेडमी को हराकर जीता फाइनल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में खेले जा रहे प्रथम चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल ऑल इंडिया इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को फाइनल मैच हुआ। यह मैच बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल और दर्शन एकेडमी की टीम के बीच हुआ। इसमें बीएनजी की टीम ने फाइनल जीतकर अंडर 14 की ट्रॉफी पर कब्जा किया।


फाइनल मैच में दर्शन एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.1 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। इसमें अंशदीप ने 35, अरनव ने 28 रन बनाए। गेंदबाजी में अर्जुन ने 4, विवान ने तीन, लव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएनजी इंटरनेशनल की टीम ने 7.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर 8 विकेट से मैच जीता। टीम की ओर से विवान ने 59, लव ने 31 रन बनाए। गेंदबाजी में आरव को एक विकेट मिला। प्लेयर ऑफ द मैच अर्जुन रहे।

मैच के बाद मुख्य अतिथि पूर्व क्रिकेटर व बी लेवल कोच गुरु चरण सिंह, विनोद गुप्ता ने विजेता व उपविजेता को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके बाद टीम के सभी स दस्यों को प्रमाण पत्र व मेडल वितरित किए गए। यहां प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित, उप प्रधानाचार्य प्रभा राव, क्रिकेट कोच अतहर अली ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।

अतहर अली ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विवार व गेंदबाज अक्षय रहे। समर्थ को भी विशेष पुरस्कार दिया गया। अनस, शौर्य, अरजन, शुभ नागर, आकाश, यश आदि को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान इंद्रजीत सिंह सालवान, करन सिंह सालवान, मुस्कान आदि रहे।

मुथूट फिनकॉर्प की चौथी शाखा का शुभारंभ, ग्राहकों को मिलेंगी कई सुविधाएं

नित्य संदेश ब्यूरो

मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेज-2 स्थित स्वस्तिक प्लाजा में मुथूट फिनकॉर्प की मेरठ की चौथी शाखा का मुख्य अतिथि पल्लवपुरम-रुड़की रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने दीप प्रज्वलित कर फीता काटकर किया। कंपनी के रीजनल मैनेजर जितेश शर्मा, ब्रांच मैनेजर सिद्धार्थ चौहान मुख्य अतिथि देवेंद्र चौहान और व्यापार संघ के पदाधिकारी का बुक भेंट कर स्वागत सम्मान किया इस दौरान गणमान्य और शाखा से जुड़े लोग मौजूद रहे।

रीजनल मैनेजर जितेश शर्मा और ब्रांच मैनेजर सिद्धार्थ चौहान ने बताया कि शाखा के माध्यम से ग्राहकों को गोल्ड लोन, हाउसिंग लोन, पुरानी कार पर लोन और इंश्योरेंस सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता है। शाखा के शुभारंभ पर उपस्थित लोगों ने कंपनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि व्यापार संघ अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने कहां की इस तरह की शाखों के शुभारंभ से क्षेत्रीय व्यापारियों और नागरिकों को अच्छी सुविधा मिलती हैं अब क्षेत्र के लोगों को एक छत के नीचे इस शाखा पर अनेक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा इस दौरान पदाधिकारी संरक्षक पूरण चंद सैनी , वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण सैनी, उपाध्यक्ष धीरज चावला, उपाध्यक्ष रवि खुराना उपाध्यक्ष लाल सिंह, मंत्री नवीन कंसल, मीडिया प्रभारी फुरकान सैफी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह 2026 का देशव्यापी आयोजन 30 अक्टूबर से 27 नवंबर तक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। 1857 के क्रांतिनायक शहीद धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान द्वारा आज एफ-13, शास्त्रीनगर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र तस्वीर सिंह चपराना ने घोषणा की कि इस वर्ष क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह-2026 का आयोजन देशव्यापी स्तर पर किया जाएगा। इसका शुभारंभ 30 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से होगा तथा 27 नवंबर 2026 को क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव तक विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

तस्वीर सिंह चपराना ने कहा कि जन्मोत्सव माह का उद्देश्य 1857 की क्रांति में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के योगदान, उनके साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित न रखकर देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों में व्यापक स्तर पर आयोजित करने की योजना है।

देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम

जन्मोत्सव माह के अंतर्गत खेलकूद एवं दौड़ प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण अभियान, विचार गोष्ठियां, जनजागरूकता रैलियां, दीपोत्सव तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को इतिहास, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक एकता के संदेश से जोड़ा जाएगा। श्री चपराना ने बताया कि जन्मोत्सव माह के विभिन्न कार्यक्रमों में सामाजिक संस्थाओं, खाप पंचायतों के मुखियाओं, अध्यक्षों, बुद्धिजीवियों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य व्यक्तियों को सादर आमंत्रित किया जाएगा, ताकि क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें।

सरकार के समक्ष रखी जाएंगी प्रमुख मांगें

शोध संस्थान द्वारा जन्मोत्सव माह के कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी के ऐतिहासिक योगदान को उचित सम्मान दिलाने के लिए निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी जाएंगी—

  1. पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए: क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल की जीवनी एवं 1857 की क्रांति में उनके योगदान को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), सीबीएसई, आईसीएसई तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।
  2. लखनऊ पुलिस मुख्यालय में प्रतिमा स्थापित हो: उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के सिग्नेचर भवन, लखनऊ में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास में उनके योगदान को उचित स्थान मिल सके।
  3. प्रदेश के थानों में चित्र लगाए जाएं: उत्तर प्रदेश के सभी पुलिस थानों में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी के चित्र लगाए जाएं, जिससे पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों को उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी मिल सके।
  4. विद्यालयों में ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला जाए: प्रत्येक वर्ष 10 मई को क्रांति दिवस, 4 जुलाई को शहादत दिवस तथा 27 नवंबर को जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान 1857 की क्रांति और क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी की जीवनी एवं योगदान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जाए।

तस्वीर सिंह चपराना ने कहा कि शोध संस्थान इन मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से जन्मोत्सव माह के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।

प्रेसवार्ता में ये गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

प्रेसवार्ता में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र एवं शोध संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष तस्वीर सिंह चपराना, निदेशक प्रोफेसर देवेश चंद्र शर्मा, निदेशक प्रदीप सिंह गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह धामा, प्रधानाचार्य संजीव नागर, भोपाल सिंह, पूर्व डी एस पी बले सिंह, रामनिवास, विनय कुमार, संजय धामा, फ़ौजी राजेन्द्र कश्यप, विनय कुमार, संजय धामा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।