Home Blog Page 126

सीसीएसयू में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल अरेस्ट से गेमिंग फ्रॉड तक के बताए बचाव

  • साइबर स्लेवरी, फर्जी निवेश और सोशल मीडिया ठगी से सतर्क रहने की अपील; पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दी शिकायत दर्ज कराने की जानकारी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। डिजिटल दुनिया में बढ़ती सुविधाओं के साथ साइबर अपराधियों के तरीके भी तेजी से बदल रहे हैं। कभी पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाया जाता है, तो कभी ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी निवेश और विदेश में नौकरी के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है। ऐसे अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (ILS) और सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विधि एवं तकनीकी संकायों के विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, डिजिटल गोपनीयता, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सीसीएसयू की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. भूपेंद्र सिंह, , विश्वविद्यालय कुलानुशासक प्रोफेसर बीरपाल सिंह, इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के निदेशक डॉ विवेक कुमार त्यागी, सर छोटू राम इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल, पुलिस विभाग से सीओ सौम्या अस्थाना, इंस्पेक्टर संजय पांडेय, उपनिरीक्षक नितिन पांडे, उपनिरीक्षक आकाश और उपनिरीक्षक निर्मल सती सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में डॉ. सुशील कुमार, डॉ. अर्पित छाबड़ा और इंजीनियर प्रवीण पवार सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका रही।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराएं तो न घबराएं

उपनिरीक्षक नितिन पांडेय एवं आकाश कुमार ने डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी खुद को पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं। इसके बाद जांच के नाम पर धनराशि ट्रांसफर करने या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी देने का दबाव बनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी कॉल पर घबराने के बजाय संबंधित विभाग से स्वतंत्र रूप से सत्यापन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक खोलने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने और अनधिकृत एप डाउनलोड करने से भी वित्तीय नुकसान हो सकता है। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड का सीवीवी या बैंकिंग पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए।

साइबर स्लेवरी और गेमिंग फ्रॉड से भी रहें सावधान

सीओ सौम्या अस्थाना ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप के प्रति जागरूक रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए साइबर स्लेवरी के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया । उन्होंने बताया कि विदेश में नौकरी, आकर्षक वेतन और आसान कमाई का लालच देकर लोगों को ऐसे नेटवर्क में फंसाया जा सकता है, जहां उनसे दबावपूर्वक ऑनलाइन ठगी जैसी अवैध गतिविधियां कराई जाती हैं। विद्यार्थियों को नौकरी के प्रस्तावों, भर्ती एजेंसियों और विदेश भेजने के दावों की विश्वसनीयता की जांच करने की सलाह भी दी । ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के संबंध में बताया गया कि मुफ्त कॉइन, बोनस, बड़े इनाम और गेमिंग अकाउंट अनलॉक करने के नाम पर ठग लोगों से पैसे और गोपनीय जानकारी हासिल कर सकते हैं। विद्यार्थियों को केवल आधिकारिक स्रोतों से एप डाउनलोड करने और अनजान व्यक्तियों के साथ अपने गेमिंग अकाउंट की जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें

उपनिरीक्षक निर्मल सती ने सोशल मीडिया की सुरक्षा और व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना, संदिग्ध समूहों से जुड़ना और निजी तस्वीरें या दैनिक गतिविधियां सार्वजनिक करना जोखिम बढ़ा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदिग्ध प्रोफाइल, लिंक और संदेशों के डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की जानकारी भी दी। इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और शिकायत की स्थिति में पुलिस की सहायता लेने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत संपर्क करें और https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

फर्जी निवेश योजनाओं के लालच में न आएं

छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि साइबर अपराधी शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ दिखाकर विश्वास जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी निवेश मंच की विश्वसनीयता की जांच करने तथा जल्दबाजी में वित्तीय निर्णय नहीं लेने की अपील की। प्रो. बीरपाल सिंह ने कहा कि साइबर जागरूकता केवल व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को अपने परिवार और समाज को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताने चाहिए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार किए जाने वाले भ्रामक वीडियो, आवाज की नकल और फर्जी प्रचार के प्रति भी सतर्क रहने की आवश्यकता बताई। प्रो. नीरज सिंघल एवं प्रो. विवेक कुमार त्यागी के नेतृत्व में दोनों संस्थानों की सहभागिता ने तकनीकी और कानूनी जागरूकता के समन्वय को महत्वपूर्ण बनाया ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के संयोजन में डॉ. सुशील कुमार, डॉ. अर्पित छाबड़ा और इंजीनियर प्रवीण पवार सहित अन्य सहयोगियों ने भूमिका निभाई। अंत में डॉ. अर्पित छाबड़ा ने पुलिस अधिकारियों, विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा -डर में आकर पैसे न भेजें, लालच में निवेश न करें, ओटीपी और यूपीआई पिन साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें। जागरूकता ही सुरक्षित डिजिटल समाज की पहली शर्त है।

सात दिन, 17 राज्य और एक भारत का संदेश, राष्ट्रीय एकता शिविर में छाए सीसीएसयू के स्वयंसेवक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। देश की अलग-अलग भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं, लेकिन भाव एक—एक भारत, श्रेष्ठ भारत। हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयूएसटी) में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर में यही तस्वीर देखने को मिली। 22 से 28 अक्टूबर तक चले इस शिविर में 17 राज्यों के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के NSS प्रभारी प्रोफेसर दुष्यंत चौहान के मार्ग-दर्शन में सर छोटू राम इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (एससीआरआईईटी) के स्वयंसेवक ने भी अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक समझ का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। शिविर में केवल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभा दिखाने का अवसर ही नहीं मिला, बल्कि अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं को एक साथ रहने, विचार साझा करने और एक-दूसरे की संस्कृति को करीब से जानने का मौका भी मिला। सात दिनों तक चले इस आयोजन में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकता की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।

MCA विभाग के आयुष के नेतृत्व में टीम नालंदा ने हासिल की जीत

शिविर में प्रतिभागियों को दस मिश्रित टीमों में बांटा गया था। प्रत्येक टीम में अलग-अलग राज्यों के स्वयंसेवकों को शामिल किया गया, ताकि वे मिलकर काम करने, सामूहिक निर्णय लेने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अनुभव प्राप्त कर सकें। सीसीएसयू की राष्ट्रीय सेवा योजना की चतुर्थ इकाई के स्वयंसेवक आयुष रंजन दुबे को टीम नालंदा (टीम-01) का नेतृत्व सौंपा गया। उनके नेतृत्व में टीम ने रंगोली, स्टोन पेंटिंग, बालिका 200 मीटर दौड़, अंग्रेजी भाषण, युवा संसद और रील निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की।

टीम नालंदा ने युवा संसद प्रतियोगिता में भी पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम से केवल दो प्रतिभागियों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया था। आयुष रंजन दुबे, टीम की ओर से बोलने वाले दो प्रतिनिधियों में शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की तर्कशक्ति, वक्तृत्व कला, वाद-विवाद कौशल और संसदीय कार्यप्रणाली की समझ को परखा गया।

आयुष ने अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्हें प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टीम का नेतृत्व करने के साथ विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी ने उनके शिविर अनुभव को खास बना दिया।

हितेश को दौड़ में स्वर्ण पदक

शिविर में सीसीएसयू के अन्य स्वयंसेवकों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हितेश ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि दीपांशु ने विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में स्वयंसेवकों की भागीदारी ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की उपस्थिति को उल्लेखनीय बनाया।

संस्कृतियों के मेल से मजबूत हुई एकता की भावना

राष्ट्रीय एकता शिविर में सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी आकर्षण का केंद्र रहा। अलग-अलग राज्यों से आए स्वयंसेवकों ने अपनी क्षेत्रीय भाषाओं, लोक परंपराओं, नृत्य शैलियों, रीति-रिवाजों और जीवनशैली से परिचित कराया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ युवा संसद, भाषण, नारा लेखन, कविता पाठ और रचनात्मक प्रतियोगिताओं ने युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया।

मिश्रित टीमों में काम करने और साझा आवास में रहने के दौरान स्वयंसेवकों को यह समझने का अवसर मिला कि भाषा, पहनावे और खानपान में अंतर होने के बावजूद आपसी सम्मान और सहयोग सभी को जोड़ते हैं। अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए युवाओं ने एक-दूसरे के विचारों को समझा और अपने अनुभव साझा किए। इस तरह शिविर में राष्ट्रीय एकता का संदेश केवल मंच से दिए गए भाषणों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दैनिक जीवन के अनुभवों में भी दिखाई दिया।

प्रतियोगिता में प्रतिद्वंद्वी, शिविर के बाद बने दोस्त

शिविर का सबसे यादगार पहलू विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच विकसित हुई मित्रता रही। युवा संसद जैसी प्रतियोगिताओं में एक-दूसरे के विचारों का विरोध करने वाले प्रतिभागी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद साथ बैठकर बातचीत और हंसी-मजाक करते नजर आए। इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी सम्मान और सौहार्द का संदेश भी मिला।

समापन के दौरान स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे के संपर्क विवरण और सोशल मीडिया की जानकारी साझा की। कई प्रतिभागियों ने एक-दूसरे की डायरियों में संदेश लिखे और दोबारा मिलने की इच्छा जताई। सात दिनों में बने ये रिश्ते शिविर की उन उपलब्धियों में शामिल रहे, जिन्हें प्रतिभागी अपने साथ यादों के रूप में लेकर लौटे।

प्रतिभा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी मिला पाठ

28 अक्टूबर को शिविर का समापन हुआ। सीसीएसयू के स्वयंसेवकों के लिए यह अनुभव पदक और प्रमाण-पत्र हासिल करने तक सीमित नहीं रहा। उन्हें नेतृत्व संभालने, सामूहिक जिम्मेदारी निभाने, विभिन्न संस्कृतियों को समझने और राष्ट्रीय एकता के महत्व को व्यवहार में अनुभव करने का अवसर मिला।

राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और जागरूक नागरिकता का विकास करना है। राष्ट्रीय एकता शिविर ने इन उद्देश्यों को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान किया। सात दिनों के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि भारत की विविधता उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी ताकत है। जब युवा एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति और विचारों का सम्मान करते हैं, तो राष्ट्रीय एकता की नींव और मजबूत होती है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ नीरज सिंघल एवं विभाग समन्वयक विकास जैन ने शुभकामनाएं प्रेषित की और उज्जवल भविष्य की कामना की l
शिविर समाप्त हो गया, लेकिन यहां बनी मित्रताएं, सीखे गए जीवन-मूल्य और एक भारत का संदेश स्वयंसेवकों के साथ लंबे समय तक बने रहेंगे।

इतिहास विभाग में संपन्न हुआ ओपन वायवा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। इतिहास के क्षेत्र में भाट की पोथी एक अद्भुत और प्रामाणिक ऐतिहासिक दस्तावेज है जो प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा का अभिन्न अंग है और इससे तत्कालीन सामाजिक ताना-बाना आर्थिक व राजनीतिक वास्तविक स्थिति की ओर जानकारी मिलती है। इतिहास के प्रमाणिक स्रोतों के रूप में यह उपयोग में लाई जा रही है जो अत्यंत महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक है।

उक्त विचार महारानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के पूर्व कुलपति एवं वरिष्ठ इतिहासकार, शिक्षाविद् प्रोफेसर कपिल देव मिश्रा ने व्यक्त किये। उल्लेखनीय है कि दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में प्रोफेसर ज़ीनत ज़ैदी व प्रोफेसर विघ्नेश कुमार के निर्देशन में पूनम देवी द्वारा पीएच डी हेतु भाट की पोथी मे अंकित विभिन्न वशो का ऐतिहासिक विवरण– एक विश्लेषणात्मक अध्ययन,(जनपद हरिद्वार व समीपवर्ती क्षेत्र के विशेष संदर्भ में विषयक ओपन वायवा के परीक्षक के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर संपन्न हुए ओपन वायवा के अवसर पर इतिहास विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा प्रो कपिल देव मिश्रा का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं अनेक शोधार्थी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता शिविर हिसार में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर लौटीं डॉ. अंजलि शर्मा उत्कृष्ट नेतृत्व हेतु सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राजकीय महिला महाविद्यालय खरखौदा (चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से सम्बद्ध) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजलि शर्मा ने हरियाणा सरकार, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय एकता शिविर (National Integration Camp) में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड राज्य दल के Contingent Incharge / Team Leader के रूप में सफल प्रतिभागिता की।

यह शिविर “Youth for My Bharat & Digital Literacy” थीम पर गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार, हरियाणा में दिनांक 22 से 28 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया गया था। शिविर के दौरान डॉ. शर्मा ने अपने उत्कृष्ट कार्य, समर्पित योगदान और प्रतिबद्ध नेतृत्व के लिए Award of Recognition प्राप्त किया। यह सम्मान उन्हें NSS Programme Coordinator (Camp Convenor), State NSS Officer (Camp Director) एवं Regional Director, Regional Directorate of NSS, New Delhi द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने हर्ष व्यक्त किया है। डॉ. शर्मा का यह सम्मान महिला सशक्तिकरण एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण है।

मदरसों की सेवाओं को सामने लाने की आवश्यकता है: प्रो. ख्वाजा इकरामुद्दीन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के मदरसों से प्राप्त डिग्रियों को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में मान्यता दी जाती है। आज के कार्यक्रम से यह प्रेरणा मिलनी चाहिए कि मदरसों में उर्दू की सेवाओं को किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए। मदरसों में साहित्य कम है या अधिक, इस पर निराश होने के बजाय उनकी सेवाओं को सामने लाने की आवश्यकता है। ये विचार प्रसिद्ध आलोचक प्रोफेसर ख्वाजा इकरामुद्दीन ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के उर्दू विभाग तथा अंतरराष्ट्रीय उर्दू विद्वान संघ (आयुसा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘उर्दू के विकास में मदरसों की भूमिका’ विषयक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि बिहार मदरसा शिक्षा बोर्ड में अनेक विषय शामिल हैं, जिनके माध्यम से उर्दू की सेवाएँ व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।

कार्यक्रम का आरंभ सईद अहमद सहारनपुरी द्वारा पवित्र कुरआन के पाठ से हुआ। मुहम्मद ईसा राना ने नात प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संरक्षण उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर असलम जमशेदपुरी ने किया। प्रसिद्ध आलोचक एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर सगीर अफराहीम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रसिद्ध आलोचक तथा राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद, नई दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रोफेसर ख्वाजा मुहम्मद इकरामुद्दीन ऑनलाइन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में दारुल उलूम अरबी कॉलेज, मेरठ के प्राचार्य डॉ. मुफ्ती मुहम्मद रिज़वान क़ासमी उपस्थित रहे। जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली के शोधार्थी मुफ्ती राहत अली सिद्दीकी तथा सीसीएस विश्वविद्यालय की एम.ए. की छात्रा नायाब ने शोधपत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन मुहम्मद आबिद अली क़ासमी ने किया तथा नमरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का परिचय देते हुए डॉ. इरशाद स्यानवी ने कहा कि मकतब, मदरसे और जामिया भारत सहित अन्य देशों में उर्दू की सेवा कर रहे हैं। मदरसों में शब्दों के शुद्ध उच्चारण तथा बोलने के लहजे में उतार-चढ़ाव की कला सिखाई जाती है। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी मदरसों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। मदरसों ने देश की स्वतंत्रता में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मौलवी अब्दुल हक, मौलाना अब्दुस्सलाम नदवी, अब्दुल हलीम शरर, काजी अब्दुल वदूद, फैज़ अहमद फैज़, हसन निजामी और राजा राममोहन राय जैसी विभूतियों ने अपनी शैक्षिक, साहित्यिक और सामाजिक सेवाओं से लोगों को प्रभावित किया।

विषय का परिचय देते हुए प्रोफेसर असलम जमशेदपुरी ने कहा कि यह अलग बात है कि अनेक विश्वविद्यालय मदरसों की डिग्रियों को मान्यता देते हैं, जबकि कुछ नहीं देते। लेकिन यह सच है कि मदरसों के विद्यार्थी उर्दू तो पढ़ते हैं, परंतु उर्दू साहित्य से पूरी तरह परिचित नहीं हो पाते। हमें मदरसों में साहित्य के साथ-साथ भाषा के ज्ञान पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मदरसों में साहित्य, संस्कृति और धार्मिक ज्ञान की शिक्षा प्राप्त करके विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

डॉ. मुफ्ती रिज़वान अहमद ने कहा कि स्वतंत्रता से पहले उर्दू चारों ओर प्रचलित थी, लेकिन स्वतंत्रता के बाद इस क्षेत्र में कमी आई। यह धारणा बनाने का प्रयास भी किया गया कि उर्दू भारत की भाषा नहीं है। आज भी उर्दू के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। इसके बावजूद मदरसे अपने सीमित संसाधनों के बीच उर्दू की सेवा में लगे हुए हैं। विद्यार्थियों को धार्मिक शिक्षा भी उर्दू के माध्यम से दी जाती है। मदरसों से अनेक पत्र-पत्रिकाएँ भी प्रकाशित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मदरसों के शिक्षक हवा और पानी की तरह उर्दू की सेवा कर रहे हैं।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेसर सगीर अफराहीम ने कहा कि मदरसों के विद्यार्थी कंप्यूटर के माध्यम से भी उल्लेखनीय कार्य कर सकते हैं। मदरसों के विद्यार्थियों का फारसी भाषा पर अच्छा अधिकार होता है। उर्दू के साथ अरबी और फारसी का ज्ञान विद्यार्थियों के जीवन को बेहतर बनाने में सहायक होता है। मदरसों की सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता। वर्तमान समय में भी मदरसे बड़ी सेवाएँ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मदरसों से शिक्षा प्राप्त करके उर्दू साहित्य की सेवा करने वाली प्रमुख हस्तियों में सैयद मुहम्मद अशरफ, ख्वाजा इकरामुद्दीन, हाफिज सिद्दीक और प्रोफेसर सना उल्लाह जैसी हस्तियाँ शामिल हैं, जो आज भी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर मुफ्ती राहत अली सिद्दीकी ने ‘उर्दू के विकास में मदरसों की भूमिका’ विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डॉ. आसिफ अली, डॉ. शादाब अलीम, फरहत अख्तर, मुहम्मद शमशाद सहित अनेक विद्यार्थी, छात्राएँ और गणमान्य व्यक्ति ऑनलाइन जुड़े रहे।