Home Blog Page 130

तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में फ्रेशर पार्टी का आयोजन, विद्यार्थियों ने जमकर मचाया धमाल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में बुधवार को फ्रेशर पार्टी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में बीएजेएमसी और एमएजेएमसी के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जमकर धमाल मचाया। इस अवसर पर नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, वहीं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को फेयरवेल के माध्यम से विदाई भी दी गई। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए संवाद कौशल, रचनात्मक सोच, सामाजिक सरोकारों की समझ और जिम्मेदारी की भावना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानते हुए निरंतर सीखने, नए अनुभव प्राप्त करने और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।

डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि फ्रेशर पार्टी जैसे आयोजन विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम नए विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं, विदाई समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की यादों को संजोने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करने का अवसर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और मेहनत के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के आधार पर फ्रेशर एवं फेयरवेल के खिताब प्रदान किए गए। बीएजेएमसी में मिस्टर फ्रेशर का खिताब शिवम शर्मा और मिस फ्रेशर का खिताब सृष्टि मलिक ने अपने नाम किया। एमएजेएमसी में मिस्टर फ्रेशर परमजीत तथा मिस फ्रेशर अनन्या वर्मा चुनी गईं।

इसी क्रम में बीएजेएमसी के मिस्टर फेयरवेल वंश भाटी और मिस फेयरवेल प्रेरणा भारती चुनी गईं। वहीं, एमएजेएमसी में मिस्टर फेयरवेल का खिताब भारत अधाना को प्रदान किया गया। खिताब हासिल करने वाले विद्यार्थियों का साथियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए और कार्यक्रम को यादगार बनाया।

इस अवसर पर डॉ. दीपिका वर्मा, लव कुमार, निधि शर्मा, पीयूष गांधी सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजीव, निकुम और अल्ताब का विशेष सहयोग रहा। आयोजन ने विद्यार्थियों को आपसी मेलजोल बढ़ाने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और संस्थान से जुड़ी यादगार अनुभूतियां संजोने का अवसर प्रदान किया।

पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा की मेरठ में बैठक संपन्न, जन-जन तक मुहिम पहुँचाने के लिए चलेगा जनजागरण अभियान

मुकुल कुमार

नित्य संदेश, मेरठ। पृथक पश्चिम प्रदेश के निर्माण की माँग को लेकर पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा की मेरठ जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक मोर्चा के अध्यक्ष कैप्टन कपिल शर्मा के आवास पर संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता कैप्टन कपिल शर्मा ने की। इस दौरान पृथक राज्य की आवश्यकता और मोर्चा के उद्देश्यों को जनपद के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए कैप्टन बी.एस. मीना ने कहा कि पश्चिम प्रदेश निर्माण के मुद्दे को जन-जन तक पहुँचाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए पूरे मेरठ जनपद में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़कर बड़ा जनसमर्थन हासिल किया जा सके।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जगदीश सिंह तेवतिया, कैप्टन बी.एस. मीना, अशोक कुमार अग्रवाल, बनी सिंह चौहान और सरबजीत सिंह घुम्मन ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने अभियान को और अधिक संगठित एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह तेवतिया, मोहर सिंह मीना, नरेंद्र कुमार शर्मा, एडवोकेट नरेंद्र शर्मा, कुलदीप त्यागी, हरीश वरिष्ठ, दिनेश कुमार शर्मा और गजेंद्र पायल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने मिलकर जनजागरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

सुनील भराला को भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यसमिति में मिली बड़ी जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में हर्ष

नित्य संदेश ब्यूरो

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने अपनी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जारी की गई सूची में मेरठ के वरिष्ठ नेता पंडित सुनील भराला को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

पश्चिम क्षेत्र से संबंध रखने वाले सुनील भराला को संगठन में यह अहम दायित्व मिलने पर कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुनील भराला के लंबे संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर यह भरोसा जताया है।

पार्टी द्वारा प्रदेश कार्यसमिति में स्थान दिए जाने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और इसे आगामी संगठनात्मक अभियानों तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला कदम बताया है।

अनिश्चित परिस्थितियों में सही निर्णय लेना ही सफलता की कुंजी: तान्या गुप्ता

  • शोभित विश्वविद्यालय की CXO टॉक सीरीज़ के अंतर्गत आयोजित मास्टर क्लास में विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान और पेशेवर दृष्टिकोण

डा. अभिषेक डबास

नित्य संदेश, मोदीपुरम। बदलते व्यावसायिक परिवेश में सफलता केवल किताबी ज्ञान और तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि अनिश्चित परिस्थितियों में सही निर्णय लेने, तार्किक ढंग से सोचने और चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है। इसी दृष्टिकोण को केंद्र में रखते हुए शॉभित विश्वविद्यालय, मेरठ के NICE स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज द्वारा विश्वविद्यालय की सतत शैक्षणिक पहल ‘शोभित विश्वविद्यालय CXO टॉक सीरीज़’ के अंतर्गत ‘डिसीजन-मेकिंग अंडर अनसर्टेन्टी’ विषय पर एक विशेष मास्टर क्लास आयोजित की गई।


यह CXO टॉक सीरीज़ विश्वविद्यालय की एक निरंतर चलने वाली महत्त्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों, नेतृत्वकर्ताओं और पेशेवरों को विद्यार्थियों के साथ जोड़कर अकादमिक ज्ञान तथा व्यावहारिक अनुभव के बीच सार्थक सेतु स्थापित करना है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों, नेतृत्व के दृष्टिकोण और बदलते कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है।


कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी एवं व्यावसायिक प्रबंधन के क्षेत्र की अनुभवी विशेषज्ञ तान्या गुप्ता, सीनियर टेक्निकल बिजनेस एनालिस्ट, प्रोडक्ट ओनर, लेखिका, वक्ता एवं मेंटर ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वास्तविक पेशेवर जीवन में कई बार निर्णय लेने के लिए सभी आवश्यक जानकारियाँ उपलब्ध नहीं होतीं। ऐसी परिस्थितियों में तथ्यों का विश्लेषण, तार्किक चिंतन, संभावित जोखिमों का आकलन और उपलब्ध विकल्पों की समीक्षा प्रभावी निर्णय लेने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


सुश्री गुप्ता ने प्रौद्योगिकी परियोजनाओं, एजाइल कार्यप्रणाली और परियोजना प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया कि अनिश्चितता को केवल चुनौती के रूप में देखने के बजाय उसे सीखने, नवाचार करने और नए अवसर तलाशने के रूप में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने आत्मविश्वास, अनुकूलनशीलता और परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता को पेशेवर जीवन की आवश्यक दक्षताओं के रूप में रेखांकित किया।

विद्यार्थियों के लिए यह मास्टर क्लास केवल एक व्याख्यान नहीं, बल्कि वास्तविक व्यावसायिक परिस्थितियों को समझने और अपने निर्णय लेने के दृष्टिकोण को विकसित करने का अवसर रही। सत्र ने उन्हें यह समझने में मदद की कि प्रभावी नेतृत्व के लिए केवल सही उत्तर जानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही प्रश्न पूछना, उपलब्ध जानकारी का विवेकपूर्ण उपयोग करना और अपने निर्णयों की जिम्मेदारी लेना भी आवश्यक है। इस प्रकार के संवाद विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा से आगे बढ़कर कार्यक्षेत्र की वास्तविक अपेक्षाओं के लिए तैयार करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. त्यागी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में आलोचनात्मक चिंतन, आत्मविश्वास और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता के महत्त्व को रेखांकित किया। IQAC के निदेशक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार गुप्ता ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और उद्योग जगत से जुड़ाव को विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता मजबूत करने के लिए आवश्यक बताया। NICE स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की निदेशक प्रो. (डॉ.) क्षमता चौहान ने प्रबंधन शिक्षा को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में इस प्रकार की पहलों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

CXO टॉक सीरीज़ के प्रोफेसर-इन-चार्ज एवं निदेशक यूनिवर्सिटी ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. अभिषेक डबास ने इस पहल के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों के साथ संवाद विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, नवीन दृष्टिकोण और पेशेवर अनुभव प्रदान करता है। इस प्रकार की पहल अकादमिक शिक्षा को वास्तविक कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच, समस्या-समाधान, नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में सहायक है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा यजुर्वेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के निदेशकगण एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख उपस्थितजनों में डॉ. नेहा वशिष्ठ, निदेशक, आउटरीच; डॉ. संदीप कुमार, निदेशक, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग; डॉ. प्रियंका शर्मा; राधा; डॉ. प्रीति गर्ग; डॉ. नवनीश त्यागी तथा डॉ. एवगेनिया सहित अन्य संकाय सदस्य शामिल रहे।

करवा चौथ पर मेहंदी सेवा शिविर: लोक कला से महिला सशक्तीकरण और विद्यार्थियों का स्वावलंबन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के दिशा-निर्देशन एवं प्रेरणा से ललित कला संस्थान, राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश तथा महिला अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में ललित कला संस्थान द्वारा मेहंदी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर शालिनी धामा ने किया।

करवा चौथ के अवसर पर आयोजित इस शिविर में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने महिलाओं को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण में ऐसे आयोजनों के महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के कलात्मक हुनर, रचनात्मकता और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कला को आत्मनिर्भरता और रोजगार का सशक्त माध्यम बताया। शिविर में विश्वविद्यालय की महिला प्राध्यापकों, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं श्रमिक महिलाओं के साथ-साथ परिसर के बाहर की कामकाजी और घरेलू महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने ‘लर्न टू अर्न’ (सीखो और कमाओ) की भावना के अंतर्गत महिलाओं की हथेलियों को सुंदर एवं आकर्षक मेहंदी डिजाइनों से सजाया।

मेहंदी की आकृतियों में साकार हुई भारतीय संस्कृति

शिविर की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने मेहंदी की कलाकृतियों में भारतीय पारंपरिक आकृतियों, प्रतीकों एवं अलंकरणों का अत्यंत सुंदर समावेश किया। शंख, कलश, करवा, अर्घ्य देती हुई नारी, चंद्रमा और स्वस्तिक जैसे शुभ एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का हथेलियों पर आकर्षक चित्रण किया गया। इन पारंपरिक रूपांकनों ने मेहंदी को केवल शृंगार तक सीमित न रखकर भारतीय संस्कृति, आस्था और लोक परंपराओं की कलात्मक अभिव्यक्ति बना दिया।

त्योहार के अवसर पर बाजारों में मेहंदी लगवाने के लिए होने वाली भीड़ और लंबी प्रतीक्षा के बीच इस शिविर ने महिलाओं को अपने कार्यस्थल पर ही सुविधाजनक ढंग से तथा बाजार की तुलना में कम खर्च पर मेहंदी लगवाने का अवसर प्रदान किया। महिलाओं ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए शगुन भी प्रदान किया। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक लाभ के साथ अपने हुनर पर विश्वास और भविष्य में रोजगार के अवसर तलाशने की प्रेरणा मिली।

ललित कला संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मेहंदी केवल शृंगार का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। संस्थान का उद्देश्य पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, रोजगारपरक गतिविधियों और आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि ‘लर्न टू अर्न’ जैसी पहल विद्यार्थियों को अपनी कला का व्यावसायिक उपयोग करना सिखाती है। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने कौशल के माध्यम से आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ते हैं। ललित कला संस्थान, राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश तथा महिला अध्ययन केंद्र के संयुक्त प्रयासों से भारतीय पारंपरिक कलाओं के प्रचार-प्रसार और संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलता है।

शिविर में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए अनुरोध किया कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक प्रमुख भारतीय त्योहार पर प्रतिवर्ष आयोजित किए जाएँ, जिससे पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा मिले और विद्यार्थियों को अपने हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के अधिक अवसर प्राप्त हों।

कार्यक्रम की आयोजन में डॉक्टर शालीन मां डॉक्टर पुनवासी दीपांजलि कृतिका का विशेष योगदान रहा डॉ मितेंद्र गुप्ता प्रेस प्रवक्ता चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा व्यवस्था में विशेष संयुक्त प्रदान किया गया।