Home Blog Page 138

बीएनजी और दर्शन एकेडमी के बीच होगा फाइनल मैच

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को अंडर 14 वर्ग में तीन मैच हुए। मैच के बाद ऋषभ एकेडमी स्कूल, राधा गोविंद और बीएनजी इंटर नेशनल स्कूल की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पहले मैच में ऋषभ एकेडमी स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। इसमें अर्थ ने 40, राम ने 40, सार्थक ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में अक्षित ने दो, विवान ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएनजी की टीम 172 पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से विवान ने 53, लव ने 40, शौर्य ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में सारस्वत ने दो, अर्थ ने तीन, आईश ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच लव रहे।

दूसरे मैच में ऋषभ एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 170 रन बनाए। इसमें अभय ने 40, आदित्य ने 41 रन बनाए। गेंदबाजी में अंशुमन ने 4, शाद ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की टीम ने 18वें ओवर में लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। टीम की ओर से समर्थ ने 45, युवराज ने 41 रन बनाए। गेंदबाजी में अभय ने दो, देव ने दो विकेट लिए।

तीसरे मैच में ऋषभ की टीम ने 20 ओवर में 162 रन बनाए। इसमें वंशिका ने 35 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में युग ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दर्शन एकेडमी की टीम ने 19वें ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। टीम की ओर से अरनव ने 40, बंकु ने 35 रन बनाए। गेंदबाजी में अब्दुल ने दो, रियांश ने दो, अली ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच युग रहे। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि मंगलवार को सेमीफाइनल मैच होगा।

प्रदेश सरकार की पहल पर रामायण के आदर्शों से जुड़ा मेरठ

  • वाल्मीकि जयंती पर तहसील और ब्लॉक मुख्यालय परं गूंजा समरसता का संदेश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। रामायण के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में वाल्मीकि रामायण के अखंड पाठ और दीपदान हुए तो हस्तिनापुर, मेरठ दक्षिण, कैंट आदि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने मुक्ताकाश नाट्य संस्थान के सहयोग से नाटकों का आयोजन कराया।

तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम हुए। रजबन स्थित वाल्मीकि मंदिर में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को जीवन में उतारने और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी लोगों को रामायण के संदेश से जोड़ने पर जोर रहा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और मुक्ताकाश नाट्य संस्थान के कलाकारों ने हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के मवाना, मवाना खुर्द, अटौरा, अलीपुर, जानी समेत विभिन्न गांवों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनकी रचना रामायण में निहित आदर्शों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। योगी सरकार ने संदेश दिया है कि महर्षि वाल्मीकि जयंती पर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और महापुरुषों की शिक्षाओं से लोगों को जोड़ना है। गांवों में नुक्कड़ नाटकों के आयोजन से रामायण के संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

रजबन मंदिर में डीएम ने किया माल्यार्पण
जयंती के अवसर पर जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रजबन स्थित वाल्मीकि मंदिर (महर्षि वाल्मीकि चौक) में किया गया। यहां जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह पहुंचे और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल के साथ अन्य अधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डीएम ने जनपदवासियों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यक्रम आपसी सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किए जाने चाहिए। सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समानता, शिक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश
जिलाधिकारी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। समाज में समानता, शिक्षा, स्वावलंबन और परिश्रम की भावना को बढ़ावा देना उनकी शिक्षाओं के अनुरूप है। रामायण के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने मर्यादा, सत्य, करुणा और धर्मपरायणता का जीवन दर्शन प्रस्तुत किया, जो पीढ़ियों से समाज का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने लोगों से रामायण के आदर्शों को जीवन में अपनाने और आपसी भाईचारे के साथ राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की अपील की।

मंदिरों में अखंड पाठ, दीपदान से भक्तिमय हुआ माहौल
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिले के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन और दीपदान के साथ आठ, 12 अथवा 24 घंटे तक वाल्मीकि रामायण के अखंड पाठ आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से रामायण में निहित मानवीय, सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर भी विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद किया गया।

दीपावली से पहले चार हजार युवाओं को नौकरी देगी योगी सरकार

  • मेरठ में 28 अक्टूबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 50 कंपनियां हाईस्कूल से बीटेक पास युवाओं का करेंगी चयन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को योगी सरकार दीपावली का गिफ्ट देने जा रही है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ और सीईआरटी एंड श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में 28 अक्टूबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। परतापुर बाईपास स्थित श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में आयोजित होने वाले इस मेले में निजी क्षेत्र की करीब 50 कंपनियां चार हजार युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी।

बीटेक से हाईस्कूल पास तक को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में बीटेक, एमसीए, बीसीए, बीबीए, सभी संकायों के स्नातक, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार प्रतिभाग कर सकेंगे। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

50 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
मेले में आईसीआईसीआई बैंक, अडानी सोलर एनर्जी, हिताची, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, मुथूट फाइनेंस, टेलीपरफॉर्मेंस, जी4एस, टाइम्सप्रो, युवाशक्ति फाउंडेशन, माय मनी मंत्रा, जर्मेनियम टेक्नोलॉजीज, वर्णिका रिक्रूटमेंट और वैष्णवी इंटीग्रेटेड सर्विसेज सहित विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कंपनी की आवश्यकताओं के अनुरूप नौकरी के अवसर मिलेंगे।

रोजगार संगम पोर्टल पर करें पंजीकरण
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार कंपनी का चयन करके ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिन अभ्यर्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण नहीं है, उनका पंजीकरण मौके पर ही कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, रोजगार मेले की चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी। मेले में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और करियर निर्माण से जुड़े अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, आईबीएम स्किल बिल्ड एवं भारत केयर सीएसआर बॉक्स के सहयोग से युवाओं के लिए प्री-जॉब करियर काउंसलिंग भी की जा रही है। इसमें सॉफ्ट स्किल, सीवी एवं रिज्यूमे तैयार करने और साक्षात्कार की तैयारी से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

श्रम एवं सेवायोजन विभाग के एकीकृत रोजगार संगम पोर्टल पर कैंपस प्लेसमेंट, डायरेक्ट हायरिंग, ऑनलाइन काउंसलिंग और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम की सुविधाएं उपलब्ध हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कर अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी के अवसरों के लिए आवेदन करें।

शहरी विकास में नागरिकों की भागीदारी जरूरी, सुभारती में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ की ओर से प्रजा फाउंडेशन के सहयोग से ‘अर्बन गवर्नेंस एंड सिटिजन पार्टिसिपेशन को समझना’ विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत में शहरी स्थानीय शासन की व्यवस्था, नगर निकायों की कार्यप्रणाली तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की भूमिका से परिचित कराना था।

कार्यशाला के प्रथम सत्र का संचालन प्रजा फाउंडेशन की सुश्री पूजा वर्मा ने किया, जबकि दूसरे सत्र का संचालन प्रजा फाउंडेशन के श्री स्वाभिमान ने किया। दोनों विशेषज्ञों ने अपने व्यावहारिक अनुभव और विषयगत जानकारी के माध्यम से विद्यार्थियों को शहरी शासन की संरचना, कानूनी प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।कार्यशाला के दौरान भारत में शासन के तीन स्तरों और शहरी शासन व्यवस्था, शहरी स्थानीय निकायों की वर्तमान स्थिति, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 तथा संविधान और नागरिकों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने नगर निगमों की संरचना एवं कार्यप्रणाली, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और नागरिक समस्याओं के समाधान की प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया। साथ ही, शिकायत निवारण तंत्र, सार्वजनिक सूचनाओं तक पहुंच, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में नागरिकों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

विशेषज्ञ वक्ताओं ने बताया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर, सूचना का अधिकार अधिनियम का उपयोग करके और संबंधित शहरी स्थानीय निकायों से संवाद स्थापित करके सार्वजनिक सेवाओं में सुधार तथा प्रशासनिक जवाबदेही को बढ़ावा दे सकते हैं। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यशाला में प्रश्नोत्तरी, सवाल-जवाब और अन्य संवादात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को विषयों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए असाइनमेंट भी दिए गए, ताकि वे कक्षा में सीखी गई अवधारणाओं का गहन अध्ययन कर सकें। प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। 

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ वक्ताओं को विद्यार्थियों के साथ अपने ज्ञान, विचार और व्यावहारिक अनुभव साझा करने के लिए सम्मानित किया गया। समापन सत्र में प्रजा फाउंडेशन के विशेषज्ञों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, आयोजकों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।  यह कार्यशाला विद्यार्थियों को शहरी शासन, संवैधानिक प्रावधानों, नागरिक अधिकारों और प्रशासनिक जवाबदेही की व्यावहारिक समझ प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल रही। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि जागरूक और सक्रिय नागरिक भागीदारी किस प्रकार बेहतर शहरी प्रशासन तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे सकती है।

सुभारती एनीमेशन फेस्ट-2026 में दिखी कल्पनाओं की उड़ान, विद्यार्थियों ने रचनात्मकता को नवाचार से जोड़ा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के एनीमेशन विभाग की ओर से सत्यजीत रे सभागार में ‘सुभारती एनीमेशन फेस्ट-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘सेलिब्रेटिंग एनीमेशन: फ्रॉम इमेजिनेशन टू इनोवेशन’ थीम पर आधारित इस फेस्ट में विद्यार्थियों ने कला, रचनात्मकता, अभिनय और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला रहीं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज की गरिमामयी उपस्थिति रही। डीन एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा और डॉ. विधि खंडेलवाल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भक्तिमय गणेश वंदना प्रस्तुत की। फैशन डिजाइन विभाग के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नाटिका ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर  सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल ने कहा कि एनीमेशन केवल चित्रों को जीवंत बनाने की कला नहीं है, बल्कि यह कल्पनाशीलता, तकनीकी दक्षता और नवाचार के समन्वय से विचारों को प्रभावशाली अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है। आज के डिजिटल युग में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और रचनात्मक तकनीकों के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, प्रयोग करने और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नई पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने संदेश में कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। एनीमेशन जैसे रचनात्मक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए कल्पना शक्ति के साथ तकनीकी ज्ञान, निरंतर अभ्यास और नए विचारों के प्रति खुला दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच पर विश्वास रखते हुए उसे वास्तविक स्वरूप देने का प्रयास करना चाहिए। ऐसे उत्सव विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, टीम भावना विकसित करने और उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप अपने कौशल को बेहतर बनाने का मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एनीमेशन विभाग के कैटलॉग ‘एक्सुबरेंस’ (Exuberance) के चौथे संस्करण का विमोचन रहा। इस कैटलॉग को विभाग के छात्र श्री तनिष्क ने डिजाइन किया है। इसके बाद विद्यार्थियों की रचनात्मक कलाकृतियों और परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया। बच्चों को अपने सपनों का पीछा करने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देने के महत्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ने अभिभावकों और समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. मीनाक्षी भराला सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को नवाचार में बदलने, नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।