Home Blog Page 144

रूहानी इश्क —डॉ. शबनम सुल्ताना

​
​तुझे क्या लगा मुझे रूहानी इश्क हुआ?
लफ्ज़ जो शरीक नहीं करता किसी को
लेकिन हर आह पर मरता है महबूब की
मुझे उस इश्क से इश्क हुआ
जो तुझे तेरे माँ-पापा से हुआ।
​उसने मुझे सरशार किया,
न देखा है तूने न जाना—
मुझे वो प्यार का प्याला मिला
जिसकी तड़प रही सबको,
मुझे बिन माँगे वो मिला।
​तू जिधर हाथ रखता है
उस पत्थर से मुझे मोहब्बत है,
सोच फिर ताबीर क्या है उस ख्वाब की
दिन-रात देखती मेरी आँखों को नींद से जो हुआ।
​बगावत पर उतारू है यह मेरा दिल,
जिसे हर बार तेरे नाम पर धड़कने से सुख मिला।

​— डॉ. शबनम सुल्ताना

मौन का विसर्जन —माधुरी कनल

शब्द थक गए थे पुकारते-पुकारते,
अर्थ खो गए थे सारे।
तब तुम्हारे मौन ने आकर,
मुझे मुझसे ही उबार लिया।

मैं शोर से भरी थी,
तुम शून्य लेकर आए।
मैं भीड़ से घिरी थी,
तुम एकांत बन कर आए।

तुमने कुछ कहा नहीं,
बस देखते रहे।
और उसी देखने में,
मेरे सारे जन्म सँवर गए।

मैं बूँद थी जो सागर को ढूँढ रही थी,
तुमने बताया – बूँद में ही सागर है।
मैं बाहर भटक रही थी,
तुम भीतर बैठे मुस्कुरा रहे थे।

अब कुछ नहीं चाहिए प्रभु,
न ज्ञान, न मुक्ति, न वरदान।
बस तुम्हारा ये मौन,
और इसमें मेरा विलीन हो जाना।

माधुरी कनल

ISKU नेशनल कराटे चैंपियनशिप संपन्न, MDPS एकेडमी बनी ओवरऑल चैंपियन

नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ, 25 अक्टूबर 2026 को स्पोर्ट्स बडी बैडमिंटन हॉल, सूरजकुंड (मेरठ) में नेशनल कराटे चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 300 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कोच अरुण सैनी ने बताया कि MDPS कराटे एकेडमी, मऊ खास (गढ़ रोड, मेरठ) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। एकेडमी ने कुल 19 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया और बेस्ट टीम ट्रॉफी भी जीती।

विजेताओं की सूची

जूनियर गर्ल्स वर्ग (स्वर्ण पदक):
प्रेरणा तोमर, अवनी शर्मा, कनक सिंह, वेदंशी शर्मा, अंशिका शर्मा, आयुषी राणा, माही, भूमिका शर्मा, सिद्धि तोमर, मानवी तोमर, अनामिका सैनी, प्राप्ति तोमर, अन्वी प्रजापति एवं नंदनी प्रजापति।

जूनियर बॉयज वर्ग (स्वर्ण पदक):
काव्यांश तोमर, प्रखर सैनी, विनायक एवं कार्तिकेय।

सीनियर बॉयज वर्ग (स्वर्ण पदक):
नक्श।

इस अवसर पर MDPS स्कूल के प्रिंसिपल श्री तरुण तोमर जी ने सभी विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों की मेहनत और अनुशासन के बल पर ही यह सफलता हासिल हुई है।
बच्चों की इस शानदार जीत से अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

Nawgati ने IGL के CNG स्टेशनों पर शुरू की सिलेंडर सुरक्षा जांच की नई व्यवस्था, AI तकनीक से होगी CNG सिलेंडरों के हाइड्रोटेस्ट की जांच

  • दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर शुरू हुई सुविधा; जल्द दिल्ली-NCR के अन्य स्टेशनों पर भी होगी लागूनोएडा

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। CNG स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने और सिलेंडरों की जांच को आसान बनाने के लिए इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने Nawgati की नई तकनीक शुरू की है। इस तकनीक की मदद से गाड़ियों की नंबर प्लेट पहचानकर उनके CNG सिलेंडरों के हाइड्रोटेस्ट की वैधता की जांच की जा सकेगी।

इस सुरक्षा व्यवस्था का उद्घाटन पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के संयुक्त मुख्य विस्फोटक नियंत्रक (नॉर्थ सर्कल) श्री संजय कुमार सिंह ने नई दिल्ली के शांतिपथ CNG स्टेशन पर किया।इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल वैध हाइड्रोटेस्ट प्रमाणन वाले सिलेंडरों से लैस गाड़ियों में ही CNG भरी जाए। PESO के सुरक्षा निर्देशों के बाद IGL ने दिल्ली के प्रमुख CNG स्टेशनों पर यह तकनीक शुरू की है। आने वाले समय में इसे दिल्ली-NCR के और अधिक स्टेशनों पर लागू करने की योजना है।

सिलेंडर की जांच के लिए Nawgati की तीन सुविधाएं

Nawgati की यह तकनीक PESO के ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ी है। इसमें तीन अलग-अलग सुविधाओं की मदद से सिलेंडरों की जांच की जाएगी।

1. Nawgati Fuelling App — गाड़ी चलाने वालों के लिएइस ऐप की मदद से वाहन मालिक अपने CNG सिलेंडर के हाइड्रोटेस्ट की स्थिति देख सकेंगे। वे ऐप पर अपना डिजिटल पास भी दिखा सकेंगे, जिससे CNG भरवाने से पहले सिलेंडर की वैधता की जानकारी देना आसान होगा।

2. Aaveg Compliance App — स्टेशन कर्मचारियों के लिएइस ऐप का इस्तेमाल CNG स्टेशन पर कतार संभालने वाले कर्मचारी करेंगे। इसकी मदद से वे लाइन में लगी गाड़ियों के सिलेंडरों की वैधता तुरंत जांच सकेंगे। इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा और नियमों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की पहचान करना आसान होगा।

3. Aaveg System — गाड़ियों की अपने आप जांचयह सिस्टम CNG स्टेशन पर आने वाली गाड़ियों की नंबर प्लेट अपने आप पढ़ेगा और उनके सिलेंडर के हाइड्रोटेस्ट की स्थिति स्टेशन पर लगी LED स्क्रीन पर दिखाएगा। इससे कर्मचारियों को गाड़ियों की जांच करने में मदद मिलेगी और अधिक गाड़ियों पर नजर रखी जा सकेगी।

अगर किसी सिलेंडर का हाइड्रोटेस्ट प्रमाणपत्र समाप्त हो गया है या वह वैध नहीं है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट भेजेगा। यह सूचना कर्मचारियों के हैंडहेल्ड डिवाइस, LED स्क्रीन और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए दी जाएगी। इसका उद्देश्य ऐसी गाड़ियों में CNG भरने से पहले ही उन्हें रोकना है।

IGL ने सुरक्षा जागरूकता अभियान भी शुरू किया

डिजिटल जांच व्यवस्था के साथ IGL ने लोगों को CNG सुरक्षा के बारे में जागरूक करने के लिए भी कई कदम उठाए हैं। इसके तहत FM रेडियो, अखबारों, सोशल मीडिया और CNG स्टेशनों पर लगे पोस्टरों के जरिए लोगों को समय पर सिलेंडर का हाइड्रोटेस्ट कराने और सुरक्षित तरीके से CNG भरवाने की जानकारी दी जाएगी।

IGL ने सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक नई कार्ययोजना भी शुरू की है। इसके तहत सिलेंडरों में गैरकानूनी बदलावों का पता लगाने, स्टेशन कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी तुरंत देने पर जोर दिया जाएगा।

कंपनी का मानना है कि भारत में प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल बढ़ाने और ऊर्जा के कुल उपयोग में इसकी हिस्सेदारी 15 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी जरूरी है। भविष्य में प्राकृतिक गैस में हाइड्रोजन मिलाने की तैयारी के लिए भी सुरक्षित और आधुनिक तकनीक की जरूरत होगी।

तकनीक से सुरक्षा होगी और मजबूत

इस मौके पर Nawgati के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिजनेस एवं ऑपरेशंस) अंबुज सिंह ने कहा, “CNG स्टेशनों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत जांच व्यवस्था और आसान तकनीक का होना जरूरी है। IGL के शांतिपथ स्टेशन पर इस पहल का उद्घाटन दिखाता है कि CNG सुरक्षा को बेहतर बनाना कितना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, “हम अपनी तकनीक, कर्मचारियों के लिए Aaveg Compliance App और वाहन मालिकों के लिए Nawgati ऐप को एक साथ जोड़कर जांच प्रक्रिया को आसान बना रहे हैं। इससे मैन्युअल जांच में होने वाली गलतियों को कम करने और बिना वैध प्रमाणन वाले सिलेंडरों से लैस गाड़ियों में CNG भरने से रोकने में मदद मिलेगी। हमारा लक्ष्य CNG स्टेशनों पर सुरक्षा के लिए बेहतर तकनीक उपलब्ध कराना है।

”2019 में शुरू हुई Nawgati अब दे रही है कई तकनीकी सुविधाएं वैभव कौशिक, आलाप नायर और आर्यन सिसोदिया ने 2019 में Nawgati की शुरुआत की थी। कंपनी ने शुरुआत में वाहन चालकों को ईंधन से जुड़ी जानकारी देने पर ध्यान दिया। अब यह CNG और अन्य ईंधन स्टेशनों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए भी तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। कंपनी के समाधान स्टेशनों पर भीड़ कम करने, ईंधन की उपलब्धता की जानकारी देने और कामकाज को अधिक आसान बनाने में मदद करते हैं।

Nawgati के बारे में

Nawgati भारत की एक फ्यूल-टेक कंपनी है, जो ईंधन स्टेशनों के संचालन और वाहनों के बेड़े (फ्लीट) के प्रबंधन को आसान बनाने के लिए तकनीक उपलब्ध कराती है। इसका फ्यूलिंग ऐप वाहन चालकों को ईंधन से जुड़ी जानकारी और सुविधाएं देता है।

कंपनी का प्रमुख प्लेटफॉर्म

Aaveg आधुनिक तकनीक और रियल-टाइम डेटा की मदद से CNG स्टेशनों पर भीड़ कम करने और कामकाज को बेहतर बनाने में मदद करता है। भारत में काम करने के बाद Nawgati अब UAE और श्रीलंका जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी विस्तार कर रही है।

भगत सिंह हों पड़ोसी के घर

लेखक: शांता पारेख
बारिश कम क्या हो गई, दुनिया भर के मैसेज आने लगे—रिक्वेस्ट वाले, यह करो, वह करो! भाई, ‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे’। अच्छा होता कोई क्या कर रहा है, उसका वीडियो डालते। खुद कुछ करना नहीं, बस आगे सरकाना; अखबार और यूट्यूब इससे पटे पड़े हैं।


मैं उदयपुर वाली हूँ। मेरी शादी के बाद ऐसा अकाल पड़ा कि पिछोला झील सूख गई, जिसमें लैंब्रेटा स्कूटर चलने लगे। हां-हां, वही पिछोला जिसमें आज ‘डेस्टिनेशन मैरिज’ की धूम मची है! मेरा घर तीसरी मंजिल पर था, जिसमें एक चौकोर बालकनी अंदर चौक जैसी थी, जहाँ सारे कपड़े सुखाए जाते थे। उस पर लोहे की घिरनी (घिर्री) लगी थी, जिससे सारा सामान लटकाया जाता और ऊपर कुएँ की तरह खींचा जाता था—दूध, सब्जी, शक्कर, सौदा कुछ भी।


वह घिरनी उस अकाल में पानी खींचने के काम आई। बहुत कम समय के लिए नल आते थे और नीचे जाकर अति-अल्प पानी मिलता था। उसी पानी में कपड़े धोते और सारा निचोड़ा हुआ पानी उस ज़माने के बड़े पीतल के हंडे (जिसे ‘बेवड़ा’ कहते हैं, जो हर स्त्री को दहेज में दिया जाता है) में भरा जाता था। शुद्ध पानी बाल्टी से ऊपर खींचा जाता और घर की हर तपेली, गिलास, लोटा यहाँ तक कि कड़ाही तक भर दी जाती थी। हर व्यक्ति मंजन करने के लिए एक कटोरी पानी उठाता, वह भी इस्तेमाल के बाद एक लोहे की बाल्टी में इकट्ठा होता जो तीसरी मंजिल के फ्लश में उपयोग किया जाता था।


सबको बाथरूम में बड़ी परात में पटिए पर बैठकर नहाना पड़ता था, वह भी अति-अल्प पानी में। फिर वह इस्तेमाल किया हुआ पानी खुद बाल्टी में भरकर टॉयलेट के बाहर रखना होता था। बर्तन तगारी में मांजे जाते और वह पानी भी फ्लश में उपयोग होता। किचन से सब्जी, दाल, चावल धोने का निकला पानी तीसरी मंजिल पर लगे सुंदर गमलों और बेलों में डाला जाता था। पूरा पानी पिताजी ऊपर खींचते और हम सब उसे ‘घी’ की तरह नाप-तौलकर इस्तेमाल करते थे।


पानी का क्या मोल है, यह राजस्थान वालों से ज्यादा किसी को नहीं पता हो सकता, या फिर कच्छ वाले जानते हैं। मालवा तो सदा से “पग-पग रोटी, डग-डग नीर” रहा है। जयशंकर प्रसाद की ‘डाची’ कहानी पढ़ो, तो पानी का असली मोल समझ आएगा।


बातों से कुछ नहीं होता। ‘बटन दबाओ और मोटर चलाओ’ की संस्कृति ने केवल अपव्यय करना सिखाया है। फिर यह बेतरतीब विकास, जिसमें पेड़ों की बलि दी जा रही है और ग्लोबल वार्मिंग हो रही है—जिसे अशोक चक्रधर जी ‘धरती का बुखार’ कहते हैं। यह सब हमने ही बोया है और हम ही काटेंगे, पर सुधरेंगे नहीं! सम्मिट (सम्मेलन) होते रहेंगे, पर्यावरणवादी बोलते रहेंगे, पर हम किसी की नहीं सुनेंगे। बस भाषण देंगे, खुद कुछ भी नहीं करेंगे; क्योंकि ‘भगत सिंह पैदा तो हों, पर पड़ोसी के घर!’ शेखीबाज़

शांता पारेख
संपर्क: 9425311944