मेरठ। गुरुद्वारा सचखंड दरबार, गली नंबर 7, थापर नगर में बाबा संगता साहिब जी का प्रकाश उत्सव बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। पिछले 40 दिनों से सुबह-शाम चल रहा गुरबाणी कीर्तन का प्रवाह आज 41वें दिन अपने गंतव्य तक पहुंचा। प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से आई संगत ने अपनी आहुति दी।
प्रातः 5:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कीर्तन दरबार सजा और गुरबाणी का प्रवाह चलता रहा। इस दौरान 69 सहज पाठ साहिब का सामूहिक भोग डाला गया। कार्यक्रम में 10 शहरों से पहुंची संगत ने गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं। सर्वप्रथम मेरठ के कीर्तनीये सरदार सतनाम सिंह और बीबी कुलजीत कौर ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया, तदुपरांत मेरठ के रागी भाई बलबीर सिंह, चंडीगढ़ से आए भाई इंदरपाल सिंह जी तथा अंत में लुधियाना वाले भाई दविंदर सिंह सोढ़ी जी ने अपने अद्भुत गायन से संगत का मन मोह लिया।
अरदास के समय समस्त संगत द्वारा मूल मंत्र साहिब, पंज पौड़ी, जपजी साहिब, सुखमनी साहिब, रहरास साहिब, सहज पाठ, प्रेम पाठ और अखंड पाठ साहिब की अरदास की गई। अंत में गुरु का लंगर सभी संगत ने छका। इस अद्भुत नजारे को देख संगत के मुख से निकला – धन गुरु नानक। कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार श्री हरजस राय ढींगरा, हरकेश बत्रा, गुलशन मक्कड़, सैबी ढींगरा आदि का विशेष सहयोग रहा।
मेरठ। महाकाव्य रामायण के रचयिता महान दार्शनिक महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षदों और पदाधिकारियों द्वारा घंटाघर स्थित महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान वक्ताओं ने महाकाव्य रामायण में वर्णित संदेशों का अवलोकन करते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम समाज में आपसी भाईचारा, सद्भावना और एकता के संदेश को मजबूत करें और समाज में नफरत फैलाने वाले तथा भेदभाव करने वालों को समाज एवं सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी, महानगर उपाध्यक्ष संजय यादव, पूर्व पार्षद व बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव संगीता राहुल, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद चांद, समाजवादी छात्र सभा के पूर्व प्रदेश सचिव संजय घायल, युवा नेता मोहम्मद बिलाल कुरैशी, अरसलान खान, रिजवान कुरैशी, एबाद खान, सोहेल सैफी, सुमित बौद्ध आदि उपस्थित रहे।
मेरठ। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आज जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने रजबन स्थित वाल्मीकि मंदिर (महर्षि वाल्मीकि चौक) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल व अन्य अधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद के महर्षि वाल्मीकि से संबंधित मंदिरों/स्थलों पर महर्षि वाल्मीकि रचित रामायण के अखण्ड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही दीप प्रज्ज्वलन/दीपदान के साथ 8, 12 अथवा 24 घंटे का अनवरत वाल्मीकि रामायण पाठ कराया जा रहा है।
जनपदवासियों को वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्यक्रम आपसी सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। समाज में समानता, शिक्षा, स्वावलंबन और परिश्रम की भावना को बढ़ावा देना ही उनके जीवन की सच्ची साधना है।
उन्होंने कहा कि हम सबको महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण में निहित मर्यादा, सत्य, करुणा और धर्मपरायणता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय मूल्यों से आम जनमानस को जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति के आदर्श हैं, जिन्होंने रामायण जैसी अमर कृति दी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि आपसी भाईचारे को मजबूत बनाकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
निफ्टी50टोटल रिटर्न इंडेक्ससे जुड़ी परिवर्तनीय (वेरिएबल) आय,जो ग्राहकों को बाज़ार में भागीदारी का अवसर प्रदान करेगी और सेवानिवृत्ति के दौरान होने वाली आय में बढ़ोतरी की संभावना प्रदान करेगी
इसके तहत जॉइंट-लाइफ बेनिफिट और खरीद मूल्य की वापसी जैसे विकल्प मिलेगी,साथ ही सेवानिवृत्ति की आय के प्रबंधन के लिए अन्य लचीले विकल्प भी उपलब्ध होंगे
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड ने आईसीआईसीआईलाइफ गारंटीशुदा इंडेक्स्ड पेंशन लॉन्च किया है। यह सेवानिवृत्ति आय से जुड़ा उत्पाद है, जो ग्राहकों को गारंटीशुदा एन्युटी और वेरिएबल एन्युटी का मिश्रण प्रदान करता है। इस सुविधा के तहत गारंटीशुदा आय वाला हिस्सा ग्राहकों को आय में स्थिरता प्रदान करता है, वहीं वेरिएबल वाला हिस्सा इंडेक्स से जुड़ी आय के जरिए उन्हें महंगाई से बचाने में मदद करता है।
इस उत्पाद की मुख्य खूबी यह है कि इसमें ग्राहक 60% से 100% तक का हिस्सा गारंटीशुदा एन्युटी के रूप में चुन सकते हैं। शेष हिस्सा निफ्टी 50 टोटल रिटर्न इंडेक्स से जुड़ा होता है, जिससे ग्राहक बाज़ार में भागीदारी कर अपने सेवानिवृत्ति के वृद्धावस्था में आय बढ़ने की संभावना का लाभ उठा सकते हैं।
आईसीआईसीआईलाइफ इंश्योरेंस के मुख्य उत्पाद अधिकारीविकास गुप्ता ने इस लॉन्च के संबंध में अपनी टिप्पणी में कहा, “लोगों की जीवन प्रत्याशा बढ़ रही है,ऐसे में उन्हें लंबी सेवानिवृत्ति अवधि के लिए योजना बनाने की ज़रूरत है। बढ़ते खर्चों और बदलती वित्तीय प्राथमिकताओं को देखते हुए,ऐसे सेवानिवृत्ति समाधान होना बहुत जरूरी है,जो स्थिरता भी प्रदान करें और साथ ही बाज़ार से जुड़ी आय में वृद्धि की संभावना भी प्रदान करें।”
‘आईसीआईसीआई लाइफ गारंटीड इंडेक्स्ड पेंशन’ के साथ, ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार गारंटीशुदा आय का स्तर चुन सकते हैं और साथ ही बाज़ार के प्रदर्शन से लाभ उठाने का अवसर भी हासिल कर सकते हैं। इस लचीलेपन से उन्हें सही फैसले लेने और अधिक आत्मविश्वास तथा वित्तीय सुरक्षा के साथ अपने सेवानिवृत्ति के वर्षों की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
यह उत्पाद सिंगल-लाइफ (एक व्यक्ति के लिए) और जॉइंट-लाइफ (दो व्यक्तियों के लिए) का विकल्प प्रदान करता है, जिसमें खरीद मूल्य की वापसी भी शामिल है। यदि एन्युटी लेने वाले व्यक्ति (या अंतिम जीवित व्यक्ति) की दुर्भाग्यवश मृत्यु हो जाती है, तो नॉमिनी को कुल चुकाए गए प्रीमियम के बराबर मृत्यु लाभ वापस कर दिया जाएगा।
इस उत्पाद के तहत ग्राहकों की फौरन नकदी की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए ‘एन्युटी एडवांस‘ फीचर जैसी अतिरिक्त सुविधाएँ भी मिलती हैं। इससे ग्राहकों को अगले पाँच साल तक मिलने वाली गारंटीशुदा एन्युटी का 99% तक हिस्सा एकमुश्त राशि के रूप में पहले ही प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी, जिससे ज़रूरत के समय तुरंत नकदी उपलब्ध होगी। ग्राहक अपनी वित्तीय ज़रूरतों के अनुसार, एन्युटी का भुगतान मासिक, त्रैमासिक, छमाही या वार्षिक आधार पर हासिल करना चुन सकते हैं।
इसके अलावा, इस उत्पाद के तहत ग्राहकों को मूल्य वर्द्धित सेवाएँ भी मिलेंगी, जिससे उन्हें स्वास्थ्य प्रबंधन और वेलनेस सेवाएँ हासिल करना आसान होगा। ये सेवाएँ सेवानिवृत्ति की तैयारी करने और उसके बाद के जीवन में उनकी व्यापक ज़रूरतों को पूरा करने में मदद करती हैं।
आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस, इस उत्पाद को लॉन्च कर अपने सेवानिवृत्ति समाधानों के पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है। इससे ग्राहकों को अपनी दीर्घकालिक वित्तीय ज़रूरतों की योजना बनाने के लिए अधिक विकल्प और लचीलापन मिलेगा। इस उत्पाद के लॉन्च से कंपनी की वित्तीय योजना को सरल बनाने के प्रति व्यापक प्रतिबद्धता रेखांकित होती है। इससे ग्राहक अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकते हैं, जो कंपनी के इस ब्रांड वादे के अनुरूप है कि वह अपने सभी हितधारकों के लिए ‘हर कल आसान‘ बनाएगी।
30 सेकंड की मशीन ने खोली पोल, ज्यादातर का वजन अधिक, फैट हाई और बॉडी एज असली उम्र से 10 साल अधिक
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में उत्तर प्रदेश ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-महोत्सव में इस बार सिर्फ खादी और हैंडीक्राफ्ट ही नहीं, बल्कि लोगों की सेहत का सच भी सामने आ रहा है। मेले में फिट भारत क्लब द्वारा लगाए गए निशुल्क ‘स्वास्थ्य का मूल्यांकन’ कैंप में जो आंकड़े आ रहे हैं, वे चिंताजनक हैं।
कैंप के हेल्थ एवं लाइफस्टाइल कोच सचिन कुमार और उनकी टीम रचना, दीपांशी, हेमचंद, नवीन और अभिनीत के अनुसार, अब तक जांच कराने आए लगभग 30 लोगों में से 25 लोगों का स्वास्थ्य मानकों पर खराब मिला है। उनकी लाइफस्टाइल और खानपान की आदतें पूरी तरह बिगड़ी हुई मिलीं। कैंप में लगी बॉडी स्कैनिंग मशीन पर खड़े होते ही व्यक्ति का पूरा बॉडी प्रोफाइल सामने आ जाता है। इसमें वजन, फैट प्रतिशत, इंटरनल फैट (VFA), स्केलेटल मसल्स, बॉडी एज, BMI और BMR शामिल है।
जैसे – 42 साल के एक व्यक्ति का आदर्श वजन 68 किलो होना चाहिए। अगर उसका वजन 77-78 किलो है तो वह 9 से 10 किलो ओवरवेट है। पुरुषों में फैट 10 से 20 प्रतिशत तक सामान्य है, जबकि महिलाओं में 20 से 30 प्रतिशत। इससे अधिक होने पर यह हाई माना जाता है। इसी तरह इंटरनल फैट 0.5 से 9 प्रतिशत तक सामान्य, 10 से 15 प्रतिशत हाई और 15 से ऊपर डेंजर जोन में आता है। जांच में अधिकांश लोगों में फैट 26 प्रतिशत से अधिक, BMI 25 से ऊपर और बॉडी एज असली उम्र से 5 से 8 साल अधिक मिल रही है।
क्यों बिगड़ रही है सेहत?
क्लब द्वारा दिए जा रहे परिवार स्वास्थ्य कार्ड पर इसका कारण भी लिखा है – “80% पोषण युक्त भोजन + 20% शारीरिक मेहनत = 100% स्वास्थ्य”। लेकिन आज के भोजन में इसका उल्टा हो रहा है। हम अधिक शुगर, नमक, शराब, तम्बाकू, वसा, कैमिकल्स, कीटनाशक दवाइयां, आर्टिफिशियल रंग और प्रिजर्वेटिव का प्रयोग कर रहे हैं। प्रोटीन, विटामिन, मिनरल, आयरन, फाइबर, पानी और कैल्शियम कम ले रहे है। कोच बताते हैं, इसी असंतुलन से डायबिटीज, बीपी, हार्ट डिजीज, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, जोड़ों में दर्द, थायराइड और कैंसर जैसी 150 से अधिक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
कैंप में क्या-क्या मिल रहा है?
फिट भारत क्लब के बैनर पर साफ लिखा है – “30 सेकंड में स्कैनिंग मशीन से मोटापे व फिटनेस की जांच करायें, परिवार स्वास्थ्य कार्ड प्राप्त करें।” यहां पर्सनल गाइडेंस, वजन घटाने-बढ़ाने, शुगर/बीपी/थायराइड, हड्डियों और जोड़ों के स्वास्थ्य, एनर्जी और इम्यूनिटी बढ़ाने और त्वचा संबंधी समस्याओं पर सलाह दी जा रही है। क्लब का नारा है – “We Make People Healthier & Happier – खुशियों की दुनिया” और “आपका शरीर वह जगह है, जहाँ आपको पूरा जीवन बिताना है, इसका खास ख्याल रखें।” मेले में आने वाले लोगों के लिए यह कैंप एक आईना बन गया है, जो बता रहा है कि त्योहारों की तैयारी के साथ-साथ सेहत की तैयारी भी कितनी जरूरी है।