Home Blog Page 151

हर युग में सत्य की विजय होती है

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। लीला कमेटी के तत्वावधान में परीक्षितगढ़-मेरठ मार्ग पर एक दिवसीय दशहरा मेले का आयोजन किया गया। मेले में रामलीला मंचन के अंतर्गत राम-रावण युद्ध की लीला का श्रद्धालुओं ने सराहना की।

मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी विनय चौधरी एवं पूर्व चेयरमैन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित मोहन टीपू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और रामायण हमारी सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान हैं, हमें अपनी संस्कृति पर गर्व है। विनय चौधरी ने तिलक करते हुए कहा कि जीवन का आधार राम हैं तो शक्ति की पहचान हनुमान हैं।संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गर्ग ने रामचरित मानस के महत्व पर प्रकाश डाला।

कमेटी महासचिव श्यामदत्त शर्मा ने बताया कि बुधवार को मंच पर सभी कलाकारों व सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा।कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का मंचन किया। रावण वध के साथ ही रावण के पुतले का दहन धूं-धूं कर किया गया। मंच संचालन अखिल विद्या सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष विष्णु अवतार रुहेला ने किया, अध्यक्ष विद्या भूषण गर्ग ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख के.पी. खूंटी, महावीर गुप्ता, महेश चंद त्यागी, ब्रह्मजीत प्रजापति, भरत अग्रवाल, विकल गुर्जर, अभिषेक, राहुल शर्मा, सुंदर, गौरव तोमर, जी.डी. शर्मा, सुनील भूरे आदि मौजूद रहे।

इंसान के भीतर का रावण

दशहरा हमें केवल रावण के पुतले का दहन करना नहीं सिखाता, बल्कि यह भी याद दिलाता है कि हमारे भीतर छिपी बुराइयों को पहचानकर उन्हें समाप्त करना ही सच्चे अर्थों में विजयादशमी मनाना है।
रामायण में रावण के दस सिरों को प्रतीकात्मक रूप से मनुष्य के भीतर मौजूद दस बुराइयों से जोड़कर भी देखा जा सकता है। जब तक मनुष्य अपने भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त नहीं करता, तब तक उसका वास्तविक विकास अधूरा रहता है।

  1. अहंकार का रावण
  • स्वयं को दूसरों से श्रेष्ठ समझना।
  • अपनी गलती स्वीकार न करना।
  • दूसरों का अपमान करना।

समाधान: विनम्रता अपनाएँ, दूसरों की बात सुनें और अपनी गलतियों को स्वीकार करना सीखें।

  1. क्रोध का रावण
  • छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करना।
  • गुस्से में अपशब्द बोलना।
  • अपने क्रोध से दूसरों को दुख पहुँचाना।

समाधान: बोलने से पहले कुछ क्षण रुकें, गहरी साँस लें और समस्या का समाधान शांति से खोजें।

  1. लालच का रावण
  • आवश्यकता से अधिक पाने की इच्छा रखना।
  • दूसरों के अधिकार छीनना।
  • धन और वस्तुओं को ही जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य मानना।

समाधान: संतोष का भाव विकसित करें, ईमानदारी से काम करें और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करें।

  1. ईर्ष्या का रावण
  • दूसरों की सफलता से दुखी होना।
  • दूसरों की खुशियों को देखकर जलना।
  • किसी को आगे बढ़ते देखकर उसे रोकने का प्रयास करना।

समाधान: दूसरों की सफलता से प्रेरणा लें और अपनी क्षमताओं को विकसित करने पर ध्यान दें।

  1. कामना और अनियंत्रित इच्छाओं का रावण
  • अपनी इच्छाओं को ही सबसे महत्त्वपूर्ण मानना।
  • दूसरों की भावनाओं और सहमति की उपेक्षा कर, अपनी इच्छा पूरी करने के लिए गलत रास्ता अपनाना बहुत गलत है।

समाधान: आत्मसंयम के साथ, दूसरों की गरिमा का सम्मान करें और अपनी इच्छाओं को नैतिकता के अनुसार दिशा दें।

  1. झूठ का रावण
  • अपने स्वार्थ के लिए झूठ बोलना।
  • अपनी गलती छिपाने के लिए दूसरों को दोष देना।
  • लोगों के विश्वास को तोड़ना।

समाधान: सत्य बोलने का साहस रखें, अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करें और अपने व्यवहार में पारदर्शिता रखें।

  1. घृणा का रावण
  • जाति, धर्म, भाषा, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव करना और दूसरों के प्रति नफरत रखना।
  • किसी व्यक्ति को उसकी पहचान के कारण कमतर समझना।

समाधान: समानता, करुणा और मानवीय गरिमा को महत्त्व दें। प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करें।

  1. स्वार्थ का रावण
  • केवल अपने लाभ के बारे में सोचना और दूसरों की परेशानियों के प्रति संवेदनहीन रहना।
  • अपने फायदे के लिए दूसरों का नुकसान करना।

समाधान: दूसरों की सहायता करें, अपनी जिम्मेदारियाँ निभाएँ और व्यक्तिगत लाभ के साथ सामूहिक हित का भी ध्यान रखें।

  1. बदले की भावना का रावण
  • किसी की गलती को जीवनभर याद रखकर, हर अपमान का बदला लेने की इच्छा रखना भी रावण का ही एक सिर है।
  • पुराने विवादों को बार-बार बढ़ावा देना।

समाधान: क्षमा करना सीखें, लेकिन अपनी सीमाएँ भी निर्धारित करें। अन्याय होने पर बदला लेने के बजाय उचित और शांतिपूर्ण तरीके से न्याय प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।

  1. अन्याय और गलत कार्यों का समर्थन करने वाला रावण
  • गलत होते देखकर भी चुप रहना भी रावण का एक प्रतिरूप है।
  • अपने प्रिय व्यक्ति की गलती को सही ठहराना।
  • कमजोर व्यक्ति के साथ हो रहे अन्याय की अनदेखी करना।

समाधान: सत्य और न्याय का साथ दें। अन्याय का विरोध विवेकपूर्ण तरीके से करें और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार व्यक्तियों से सहायता लेना उचित है।

कुछ और रावण, जो हमारे भीतर छिपे हो सकते हैं
इन दस बुराइयों के अलावा भी कुछ ऐसी कमजोरियाँ हैं, जिन पर विजय पाना आवश्यक है:

  • अभिमान
  • दिखावा
  • चुगली
  • संकीर्ण सोच
  • असहिष्णुता
  • जिम्मेदारी से भागना
  • दूसरों को नियंत्रित करने की इच्छा
  • भेदभाव
  • गलत बात पर चुप्पी
    याद रखिए, मनुष्य की कमजोरी उसकी पहचान नहीं होती। अपनी गलती को पहचानकर स्वयं में सुधार करना ही उसकी वास्तविक शक्ति है।
    अपने भीतर के रावण को कैसे नष्ट करें
  • आत्मचिंतन: अपनी गलतियों की जिम्मेदारी लेना, अपनी गलती का दोष दूसरों पर डालने के बजाय उसे स्वीकार करना। गलती स्वीकार करना कमजोरी नहीं, बल्कि सुधार की पहली सीढ़ी है।
  • सकारात्मक सोच: हमारे विचार हमारे व्यवहार को प्रभावित करते हैं। इसलिए किसी के प्रति नकारात्मक विचार आने पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसके कारण को समझने का प्रयास करें।
  • अच्छे संस्कार और सही संगति: ऐसे लोगों के साथ समय बिताएँ जो ईमानदारी, संवेदनशीलता, परिश्रम और अच्छे व्यवहार को महत्त्व देते हैं।
    • प्रतिदिन एक बुराई पर विजय: एक ही दिन में सभी कमजोरियों को समाप्त करने का दबाव मानव जीवन में संभव नहीं। प्रतिदिन अपने व्यवहार में एक छोटा-सा सुधार करने का संकल्प लेना ही अपने भीतर के रावण का वध करना है।
      – शीला बड़ोदिया
      इंदौर (म.प्र.)

आजाद हिंद सरकार के 84वें स्थापना दिवस पर गोष्ठी

मनमोहन भल्ला

नित्य संदेश, मेरठ। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जन्मदिवस समारोह समिति की ओर से बुधवार को प्यारे लाल शर्मा स्मारक भवन में आजाद हिंद सरकार के 84वें स्थापना दिवस पर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी व समिति अध्यक्ष अजय गुप्ता ने की।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट आर. माधवन पिल्लई (से.नि.) व मुख्य वक्ता इतिहासकार प्रोफेसर कपिल कुमार ने सभा को संबोधित किया। महामंत्री अरुण जिंदल व बी.एन. पाराशर ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अरुण जिंदल ने किया।प्रो. कपिल कुमार ने कहा कि नेताजी को फासीवादी व तानाशाह बताना गलत है। उन्होंने नेताजी के संघर्ष और उनके विरुद्ध हुए षड्यंत्रों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वायसराय की रिपोर्ट के आधार पर अंग्रेजों ने 1945 में ही भारत छोड़ने की योजना बना ली थी।

लेफ्टिनेंट पिल्लई ने नेताजी के साथ बिताए पल साझा किए और ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ गीत गाकर जोश भर दिया। अजय गुप्ता ने नेताजी के योगदान पर फिल्म बनाने की मांग की। अंत में अरुण जिंदल ने धन्यवाद दिया।कार्यक्रम में अरुण वशिष्ठ, डा. सरिता त्यागी, पी.एन. पालीवाल, अलका चौहान, गिरीश शुक्ला, अजय तोमर, अवधेश त्यागी, रजनीश त्यागी, बी.एस. पाराशर, डा. विष्णु गोयल, रामकिशन सहित कई लोग उपस्थित रहे।

इंदौर में कथावाचक इन्द्रेश उपाध्याय की श्रीमद् भागवत कथा 22 से, एक लाख वर्गफीट में तैयार हुआ विशाल पांडाल

नित्य संदेश, इंदौर। संस्कारधानी इंदौर में अध्यात्म का एक अनूठा संगम सजने जा रहा है। शहर के एमआर-10 स्थित स्टार चौराहा पर देश के प्रख्यात युवा कथावाचक इन्द्रेश उपाध्याय (श्रीधाम वृन्दावन) के श्रीमुख से होने वाली श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गोयल परिवार-गोयल ग्रीन के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस दिव्य अनुष्ठान के लिए करीब एक लाख वर्गफीट के विशाल मैदान पर भव्य और वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। यह आयोजन 23 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक कथावाचक इन्द्रेशजी अपने ओजस्वी वचनों से श्रद्धालुओं को भागवत ज्ञानामृत का पान कराएंगे। शहर में पहली बार सार्वजनिक रूप से कथा करने आ रहे इन्द्रेश उपाध्याय के आगमन को लेकर इंदौर सहित पूरे मालवांचल के भक्तों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है।

कथा स्थल की सजावट और भव्यता देखते ही बनती है। पांडाल के बीचों-बीच बनाई गई व्यास पीठ पर भगवान श्री राधा-कृष्ण की मनोहारी छवि उकेरी गई है, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी।

एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में फैले इस पांडाल में एक साथ 15 से 20 हजार श्रद्धालु बैठकर कथा का लाभ उठा सकेंगे। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पांडाल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि जरूरत पड़ने पर इसका विस्तार भी किया जा सके। बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जबकि युवा श्रोताओं के लिए पारंपरिक भारतीय शैली में बैठने का प्रबंध है। पांडाल के अलग-अलग हिस्सों में 12 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि अंतिम पंक्ति में बैठने वाले श्रद्धालुओं को भी कथा और मंच के दर्शन स्पष्ट रूप से हो सकें।

यातायात को सुचारू रखने और वाहन चालकों की सुविधा के लिए मैदान को समतल कर 2,000 दो-पहिया और 800 चार-पहिया वाहनों की निशुल्क पार्किंग बनाई गई है। पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और महिला-पुरुषों के लिए अलग से वाशरूम के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस सात दिवसीय भागवत कथा के दौरान नियमित कथा के साथ-साथ तीन दिनों तक विशेष सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव भी मनाए जाएंगे, जो शहर के इतिहास में अपनी तरह के पहले आयोजन होंगे। इसके तहत 26 अक्टूबर को शरद रासोत्सव, 27 अक्टूबर को शरद दीपोत्सव और 28 अक्टूबर को शरद छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों को लेकर मनोरथी परिवार द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कथावाचक इन्द्रेशजी अपनी पूरी मंडली के साथ आज सुबह इंदौर पहुंच चुके हैं। आयोजकों ने मालवांचल के सभी धर्मप्रेमियों से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने का अनुरोध किया है।

विभीषण राजतिलक और सीता अग्निपरीक्षा के मंचन से भावविभोर हुए भक्त

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सनातन धर्म रक्षिणी सभा और रामलीला कमेटी के तत्वावधान में विजयदशमी के उपरांत राधा कृष्ण शिव मंदिर, वैशाली कॉलोनी गेट गढ़ रोड पर लीला का मंचन हुआ।

कार्यक्रम में हनुमान द्वारा सीता को राम की विजय का संदेश सुनाने, सीता की अग्निपरीक्षा और विभीषण के राजतिलक का मंचन किया गया।मंचन के दौरान हनुमान के अशोक वाटिका पहुंचने और सीता को विजय समाचार देने का प्रसंग इतना मार्मिक रहा कि दर्शक भावविभोर हो उठे। इसके बाद सीता की अग्निपरीक्षा के दृश्य पर पूरे वातावरण में सन्नाटा छा गया और दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम दरबार के भव्य दृश्य पर भक्तों ने “जय श्रीराम” के जयघोष से मंदिर प्रांगण गूंजा दिया। अंत में विभीषण के राजतिलक पर जय-जयकार गूंज उठी।

लीला एवं शोभायात्रा के संयोजक मनोज गुप्ता, प्रवीण अरोड़ा और समर्थ मित्तल रहे। विभीषण राजतिलक के बाद शाम 6 बजे राधा गोविंद मंडप से जुलूस निकला जो गली नंबर 3 नेहरू नगर, फूल बाग कॉलोनी, सती मंदिर, साईं बाबा मंदिर, गांधीनगर, सोहराब गेट, खंदक, छीपीवाड़ा, बाजार पेडामल, स्वामीपाड़ा होते हुए सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट पहुंचा।

अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि 22 अक्टूबर को भारत मिलन एवं शोभायात्रा शाम 6:30 बजे शिव पैलेस शारदा रोड ब्रह्मपुरी में होगी। इस अवसर पर मनोज गुप्ता, महामंत्री मनोज अग्रवाल खद्दर वाले, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, डॉ. आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी अनिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।